पूज्य सिंधी सेंट्रल पंचायत जयपुर में गिरधारीलाल मनकानी को दो वर्ष का मिला विस्तार
पूज्य सिंधी सेंट्रल पंचायत जयपुर की सभा में गिरधारीलाल मनकानी का कार्यकाल बढ़ाया गया, जानिए संगठन के महत्वपूर्ण फैसले।
तस्वीर में होटल ग्रैंड सफारी, जयपुर में आयोजित पूज्य सिंधी सेंट्रल पंचायत की विशेष साधारण सभा में उपस्थित अध्यक्ष गिरधारीलाल मनकानी और अन्य समाजबंधु नजर आ रहे हैं।
पूज्य सिंधी सेंट्रल पंचायत, जयपुर महानगर की विशेष साधारण सभा में वर्तमान अध्यक्ष श्री गिरधारीलाल मनकानी के कार्यकाल को आगामी दो वर्षों के लिए बढ़ाने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। होटल ग्रैंड सफारी, जयपुर में आयोजित सभा में उपस्थित सम्मानित मुखियागण एवं सदस्यों ने ध्वनिमत से प्रस्ताव को मंजूरी दी।
विशेष साधारण सभा में कार्यकाल वृद्धि का प्रस्ताव श्री चंदीराम राघानी ने प्रस्तुत किया, जिसका अनुमोदन श्री चन्द्रप्रकाश खेतानी जी ने किया। प्रस्ताव पर उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से अपनी सहमति व्यक्त की।
सभा के दौरान अध्यक्ष श्री गिरधारीलाल मनकानी ने अपने उद्बोधन में लोकतांत्रिक परंपराओं एवं संगठन की गरिमा का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका कार्यकाल पूर्ण होने पर चुनाव लोकतांत्रिक प्रक्रिया के अनुसार कराए जाने चाहिए। उन्होंने स्वयं चुनाव कराने की इच्छा भी व्यक्त की।
हालांकि, सभा में उपस्थित सम्मानित मुखियागण एवं सदस्यों ने उनके नेतृत्व में चल रहे समाजहित के कार्यों, विशेष रूप से सिन्धु सागर भवन परियोजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति को देखते हुए आग्रह किया कि इन महत्वपूर्ण कार्यों की निरंतरता एवं पूर्णता के लिए वे आगामी दो वर्षों तक अध्यक्ष पद का दायित्व संभालते रहें।
उपस्थित सदस्यों ने श्री गिरधारीलाल मनकानी के प्रति पूर्ण विश्वास व्यक्त करते हुए ध्वनिमत से प्रस्ताव पारित किया और उन्हें पुनः अध्यक्ष पद का दायित्व स्वीकार करने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।
महासचिव धर्मदास मोटवानी व संघठन महासचिव छबलदास नवलानी ने बताया कि कोषाध्यक्ष अशोक छाबड़ा ने सदन में द्विवर्षीय आय-व्यय का ब्यौरा प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से अनुमोदित किया।
सभा का वातावरण सौहार्दपूर्ण, गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण रहा। उपस्थित समाजबंधुओं ने विश्वास व्यक्त किया कि श्री गिरधारीलाल मनकानी के नेतृत्व में पूज्य सिंधी सेंट्रल पंचायत, जयपुर महानगर समाजहित, संगठनात्मक विकास एवं जनकल्याण के नए आयाम स्थापित करेगी। कार्यक्रम का सुन्दर मंच संचालन कमल कुमार आसवानी ने किया।