धौलपुर दौरे पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 177 करोड़ के विकास कार्यों की दी सौगात, कई बड़ी घोषणाएं भी कीं
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने धौलपुर के राजाखेड़ा में 177 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी और जिले के लिए कई नई घोषणाएं कर विकास का बड़ा संदेश दिया।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को धौलपुर जिले के राजाखेड़ा की फूलपुर ग्राम पंचायत में आयोजित लोकार्पण-शिलान्यास समारोह एवं जनसभा के दौरान जिले को लगभग 177 करोड़ रुपये के 17 विकास कार्यों की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने 155 करोड़ रुपये से अधिक लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण और 21 करोड़ रुपये से अधिक लागत के विकास कार्यों का शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सबका साथ-सबका विकास के मूलमंत्र को आत्मसात करते हुए राज्य सरकार प्रदेश के चहुंमुखी विकास के लिए कार्य कर रही है और धौलपुर जिले के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान, महिला, युवा, मजदूर सहित प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए राज्य सरकार योजनाएं बनाकर उन्हें प्रभावी ढंग से लागू कर रही है। उन्होंने कहा कि विगत ढाई वर्षों में धौलपुर जिले में लगभग दो हजार करोड़ रुपये के विकास कार्य कराए गए हैं। उन्होंने कहा, "हम जनता की सुनते हैं इसलिए ना तो काम की कमी है और ना ही बजट की।"
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार जनता को पानी, बिजली, सड़क, स्वास्थ्य, रोजगार सहित सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। किसानों के आर्थिक सशक्तीकरण के लिए पीएम किसान सम्मान निधि के साथ तीन हजार रुपये अतिरिक्त दिए जा रहे हैं और फसल बीमा योजना का लाभ भी किसानों तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 26 जिलों में किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही रामजल सेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौता, आईजीएनपी, गंगनहर, देवास, सोम कमला अंबा और माही बांध जैसी परियोजनाओं के माध्यम से राजस्थान को जल आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मजबूत कदम उठाए जा रहे हैं।
युवाओं के भविष्य का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने ढाई वर्ष में 1 लाख 78 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी की सौगात दी है। उन्होंने बताया कि 1 लाख 32 हजार से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है तथा 70 हजार से अधिक पदों पर भर्ती की तैयारी की जा रही है। इसके अलावा निजी क्षेत्र में भी साढ़े चार लाख रोजगार के अवसर सृजित किए गए हैं।
गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढम ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में विकसित राजस्थान का संकल्प साकार हो रहा है। उन्होंने कहा कि अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से सशक्त और समृद्ध बनाया जा रहा है। महिलाओं, युवाओं सहित प्रत्येक वर्ग के सपनों को साकार करने के साथ प्रदेश की कानून-व्यवस्था को भी सुदृढ़ किया गया है। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने धौलपुर जिले के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। इनमें फूलपुर के खेल मैदान में ढाई करोड़ रुपये की लागत से विकास कार्य, 15 करोड़ रुपये की लागत से राजाखेड़ा में मिसिंग लिंक सड़कों का निर्माण, पार्वती नदी पर 15 करोड़ रुपये की लागत से पुल निर्माण, राजाखेड़ा में कृषि उपज मंडी के लिए 37 बीघा भूमि का आवंटन, रहनावाली और लाठवाली माता मंदिरों का 10 करोड़ रुपये की लागत से जीर्णोद्धार, सैंपऊ के कौलारी में नए आयुर्वेद औषधालय की स्थापना, पार्वती बांध से सैंपऊ तक जाने वाली नहर के दोनों ओर पानी निकासी की समुचित व्यवस्था, बसेड़ी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बेड संख्या एवं सुविधाओं का विस्तार तथा सलेमपुर में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना शामिल है। जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री ने जनता की मांग पर मौके पर ही फूलपुर खेल मैदान के विकास की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री ने जिन विकास कार्यों का लोकार्पण किया उनमें मनियां में 101 करोड़ रुपये की लागत से 220 केवी जीएसएस तथा संबंधित लाइनों का निर्माण, जारह में 33/11 केवी क्षमता के नए सब-स्टेशन की स्थापना, लगभग 12 करोड़ रुपये की लागत से राजाखेड़ा तथा सरमथुरा में एफएसटीपी, बसई नवाब और सरमथुरा में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बसई नवाब और कंचनपुर में ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट की स्थापना, बाड़ी में साढ़े तेरह करोड़ रुपये से अधिक की लागत से राम सागर मध्यम सिंचाई परियोजना का पुनर्निर्माण कार्य, राजाखेड़ा के नागर-मीठावली में साढ़े आठ करोड़ रुपये की लागत से एनिकट निर्माण तथा सोने का गुर्जा में पुलिस थाना और बिजौली, सेवर एवं झिरी में पुलिस चौकी निर्माण शामिल हैं।
कार्यक्रम में सरमथुरा में 14 करोड़ रुपये से अधिक लागत से पार्वती बांध के पुनर्निर्माण कार्य, धौलपुर में पौने सात करोड़ रुपये की लागत से जिला औषधि भंडार निर्माण तथा धौलपुर में उपनिदेशक उद्यानिकी विभाग के कार्यालय भवन निर्माण कार्यों का शिलान्यास भी किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकास कार्यों के माध्यम से प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र को मजबूत आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।