डॉ. कलाम के आदर्शों पर चलकर विकसित भारत निर्माण का लें संकल्प, जयपुर में श्रद्धांजलि सभा
जयपुर में डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम की पुण्यतिथि पर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा ने श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर उनके आदर्शों को याद किया।
तस्वीर में जयपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित श्रद्धांजलि सभा के दौरान मंच पर बोलते हुए और बैठे हुए भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के पदाधिकारी नजर आ रहे हैं।
भारत रत्न एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम की पुण्यतिथि पर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा की ओर से प्रदेश कार्यालय जयपुर में विचार संगोष्ठी एवं श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में डॉ. कलाम के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।
इस अवसर पर अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष हमीद खान मेवाती, भाजपा प्रदेश कार्यालय प्रभारी मुकेश पारीक सहित वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम को श्रद्धांजलि अर्पित की।
भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष हमीद खान मेवाती ने कहा कि डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम का संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, विज्ञान, शिक्षा, सादगी और समर्पण का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने कहा कि डॉ. कलाम ने देश के युवाओं को बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने का साहस दिया। उनका जीवन संदेश आज भी हर युवा के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
भाजपा प्रदेश कार्यालय प्रभारी मुकेश पारीक ने कहा कि डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम केवल एक महान वैज्ञानिक ही नहीं, बल्कि करोड़ों युवाओं के प्रेरणास्रोत थे। उन्होंने अपने जीवन से यह सिद्ध किया कि साधारण परिवार में जन्म लेने वाला व्यक्ति भी कठिन परिश्रम, ईमानदारी और दृढ़ संकल्प के बल पर देश के सर्वोच्च पद तक पहुंच सकता है। उनका जीवन प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणा और मार्गदर्शन का स्रोत है।
कार्यक्रम में मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हुसैन खान, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एम. सादिक खान, पूर्व मदरसा बोर्ड अध्यक्ष हिदायत खान धोलिया, मोर्चा प्रदेश महामंत्री जंग बहादुर पठान, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य निजामुद्दीन काजी, जयपुर शहर जिला अध्यक्ष अब्दुल अजीज सहित बड़ी संख्या में मोर्चा पदाधिकारी एवं प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम के विचारों और आदर्शों को स्मरण करते हुए आयोजित इस कार्यक्रम में राष्ट्रसेवा, शिक्षा और युवाओं को प्रेरित करने के उनके संदेशों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।