मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बोले- युवाओं के हर सपने के साथ है सरकार, 1.78 लाख नौकरियां और पेपरलीक पर सख्त कार्रवाई
जयपुर में ‘सपनों की उड़ान’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने युवाओं से संवाद किया। रोजगार, पेपरलीक, स्टार्टअप और खेलों को लेकर बड़े दावे किए।
तस्वीर में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पोडियम पर खड़े होकर पोडियम के दो माइक से युवाओं को संबोधित करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा से लेकर खेल, रोजगार से लेकर स्वरोजगार तक युवाओं के हर सपने को पूरा करने के लिए उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की डबल इंजन सरकार पेपरलीक पर प्रभावी रोक, रिकॉर्ड सरकारी भर्तियों, स्टार्टअप्स को प्रोत्साहन और कौशल विकास के माध्यम से युवाओं का उज्ज्वल भविष्य बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री मंगलवार को मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित ‘सपनों की उड़ान’ कार्यक्रम में युवाओं से संवाद कर रहे थे। उन्होंने कहा कि विचारशील, अनुशासित एवं संस्कारवान युवा विकसित भारत और विकसित राजस्थान की सबसे मजबूत नींव हैं। युवा नई ऊर्जा और नए विचारों से परिपूर्ण होते हैं। सरकार बजट निर्माण के दौरान युवाओं से संवाद कर उनके बहुमूल्य सुझावों को शामिल करती है। उन्होंने कहा कि योजनाओं, कार्यक्रमों और नीतियों को और बेहतर बनाने के लिए युवाओं के साथ इस प्रकार का संवाद अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा राज्य सरकार युवाओं के सुझावों के आधार पर आगामी योजनाओं की रूपरेखा तैयार कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि माता-पिता बच्चों के सबसे पहले गुरु होते हैं। युवा उनसे सीख लेकर लगन, मेहनत, अनुशासन और संस्कारों को आत्मसात करें तथा आत्मविश्वास के साथ अपने सपनों को साकार करें। उन्होंने कहा कि युवाओं का सामर्थ्य असीमित है और राज्य सरकार का प्रयास है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सोच के अनुरूप प्रदेश का युवा विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाए। हर युवा को सम्मान मिले और उसे अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर उपलब्ध हो, इसी दिशा में सरकार कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने विगत ढाई वर्षों में 1 लाख 78 हजार से अधिक युवाओं के सरकारी नौकरी के सपने को साकार किया है। वर्तमान में करीब 51 हजार पदों पर भर्तियां प्रक्रियाधीन हैं, जबकि 80 हजार से अधिक पद भर्ती कैलेंडर में शामिल किए गए हैं। इसके अलावा 70 हजार नए पदों पर भर्ती की तैयारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि निजी क्षेत्र में भी साढ़े चार लाख रोजगार उपलब्ध कराए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने पेपरलीक के दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करते हुए कानून को और सख्त बनाया है तथा भर्ती प्रक्रियाओं को पारदर्शी एवं सुरक्षित बनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पेपरलीक और अन्य अनियमितताओं के मामलों की जांच के लिए गठित एसआईटी द्वारा अब तक 569 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। साथ ही सरकार के कार्यकाल में अब तक 410 परीक्षाएं बिना किसी पेपरलीक के सफलतापूर्वक आयोजित की गई हैं।
उन्होंने कहा कि राजस्थान का युवा केवल नौकरी लेने वाला नहीं बल्कि रोजगार देने वाला बने, इसके लिए उद्यमिता और स्वरोजगार को प्रोत्साहित किया जा रहा है। राजस्थान स्टार्टअप कार्यक्रम के तहत अब तक 4 हजार 623 स्टार्टअप्स पंजीकृत किए जा चुके हैं। इनमें से 1 हजार 62 स्टार्टअप्स को आई-स्टार्ट फंड के माध्यम से 34 करोड़ रुपये की फंडिंग प्रदान की गई है। इसके अलावा 9 स्टार्टअप प्रोग्राम पूरे किए गए हैं, जिनमें कुल 988 स्टार्टअप्स ने भाग लिया। राज्य सरकार ने राज्य कौशल नीति-2025 और युवा नीति भी जारी की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ियों के दम पर राजस्थान खेलों में नई पहचान बना रहा है। राज्य सरकार खेल संरचना के विस्तार, खेल अकादमियों की स्थापना, प्रतिभाओं को प्रोत्साहन और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में राजस्थान टारगेट ऑलम्पिक पोडियम योजना लागू की गई है, खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स आयोजित किए गए हैं तथा 17 नए खेलो इंडिया केंद्र प्रारंभ किए जा रहे हैं। इसके साथ ही 41 जिला मुख्यालयों पर आवासीय खेल अकादमियां भी प्रारंभ की गई हैं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने शिक्षा, खेल, स्टार्टअप, माय भारत वॉलेन्टियर्स और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं से अभिभावक की तरह संवाद किया। उन्होंने उनकी उपलब्धियों, सफलताओं और भविष्य की योजनाओं की जानकारी ली। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ‘सपनों की उड़ान’ लोगो डिजाइन प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर युवा उत्साहित दिखाई दिए। उन्होंने युवाओं के साथ फोटो खिंचवाई और उनकी मांग पर सेल्फी भी ली।
कार्यक्रम में विधि एवं न्याय मंत्री जोगाराम पटेल सहित विद्यार्थी, खिलाड़ी, यंग प्रोफेशनल्स, संबल सखियां, एनसीसी कैडेट्स और एनएसएस स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
संवाद के दौरान नीट परीक्षा में देशभर में तीसरा स्थान प्राप्त करने वाले उपलक्ष्य गोयल ने कहा कि यदि विद्यार्थी मेहनत, लगन और अनुशासन के साथ माता-पिता एवं शिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रयास करें तो सफलता अवश्य मिलती है। माय भारत वॉलेन्टियर स्वरूपदान चारण ने कहा कि माय भारत पोर्टल युवाओं की योग्यता और सामर्थ्य बढ़ाने में मददगार साबित हो रहा है तथा प्रत्येक युवा को इस पहल से जुड़ना चाहिए। पीजी छात्रा राशिका शर्मा ने सरकार की छात्रवृत्ति योजनाओं के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि इन योजनाओं से युवाओं को नए विषयों पर शोध के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है। वहीं बीएससी की छात्रा रेखा ने प्रदेश में पेपरलीक पर लगाम लगाने तथा भर्ती परीक्षाओं के निष्पक्ष और पारदर्शी आयोजन के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया। कार्यक्रम ने युवाओं, सरकार और नीति निर्माण के बीच संवाद को नई दिशा देने के साथ राज्य सरकार की रोजगार, कौशल विकास, स्टार्टअप और खेल क्षेत्र से जुड़ी प्राथमिकताओं को भी रेखांकित किया।