तस्वीर में ब्यावर नगर परिषद उप सभापति चुनाव जीतने के बाद विजयी जुलूस निकालते हुए लोग दिख रहे हैं।

राज. नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के तहत मंगलवार को ब्यावर नगर परिषद के उप सभापति पद के लिए हुए चुनाव में भाजपा प्रत्याशी दीक्षांत हरचंदानी ने जीत दर्ज की। वार्ड सं. 19 से निर्वाचित पार्षद हरचंदानी ने वार्ड सं. 25 से निर्वाचित कांग्रेस प्रत्याशी शिवांगी नागौरा को 22 मतों से पराजित कर उप सभापति पद हासिल किया।

चुनाव पर्यवेक्षक असलम शेर खान की देखरेख में दोपहर अढ़ाई बजे कड़े सुरक्षा इंतजाम के बीच मतदान प्रक्रिया शुरू हुई। बांधेबंदी में चल रहे भाजपा के 23 नव निर्वाचित पार्षद बस से नगर परिषद पहुंचे और मतदान किया। कांग्रेस के 20 नव निर्वाचित पार्षद भी मतदान के लिए परिषद पहुंचे। वहीं, 13 निर्दलीय पार्षद समूह में मतदान करने नगर परिषद पहुंचे। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के 4 निर्वाचित पार्षदों ने भी मतदान किया।

सायं पौने 5 बजे मतगणना शुरू की गई। मतगणना में भाजपा प्रत्याशी दीक्षांत हरचंदानी को 41 मत मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी शिवांगी नागौरा ने 19 मत हासिल किए। इस तरह हरचंदानी ने नागौरा को 22 मतों से हराकर उप सभापति पद पर जीत दर्ज की।

निर्वाचन अधिकारी (नप) व उपखंड अधिकारी जयपाल सिंह राठौड़ ने भाजपा के विजेता प्रत्याशी दीक्षांत हरचंदानी को निर्वाचन प्रमाण पत्र प्रदान किया। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर जीत का जश्न मनाया। विधायक शंकर सिंह रावत व सभापति पुष्पा बल्दुआ के नेतृत्व में विजयी जुलूस निकाला गया। इस तरह ब्यावर नगर परिषद के उप सभापति पद के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी दीक्षांत हरचंदानी की जीत के साथ चुनाव प्रक्रिया संपन्न हुई।


Tags: