तस्वीर में मुख्य अतिथि द्वारा हरी झंडी दिखाकर साइकिलिंग प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुए दिखाया गया है।

सवाई मानसिंह स्टेडियम, जयपुर के साइकिलिंग वेलोड्रोम में 63वीं अखिल भारतीय रेलवे ट्रैक साइकिलिंग चैम्पियनशिप 2026-27 का शुभारंभ मंगलवार 22 सितंबर 2026 को हुआ। उत्तर पश्चिम रेलवे स्पोर्ट्स एसोसिएशन, जयपुर के तत्वाधान में आयोजित यह चैंपियनशिप 22 से 24 सितंबर 2026 तक चलेगी। प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्री राजीव सिंह, अध्यक्ष उत्तर पश्चिम रेलवे स्पोर्ट्स एसोसिएशन एवं प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी, उत्तर पश्चिम रेलवे ने हरी झंडी दिखाकर किया।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन के अनुसार, शुभारंभ समारोह में मुख्य अतिथि श्री राजीव सिंह ने खिलाड़ियों को साइकिलिंग के महत्व से अवगत कराया और टीम भावना के साथ खेलते हुए जीत की शुभकामनाएं दीं।

इस चैंपियनशिप में 09 टीमों के लगभग 75 खिलाड़ी और 45 ऑफिशियल भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता के दौरान कुल 08 प्रतिस्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी।

चैंपियनशिप के पहले दिन 15 किलोमीटर स्क्रैच रेस प्रतिस्पर्धा आयोजित हुई। इसमें मध्य रेलवे के अजय पाल सिंह ने स्वर्ण पदक, उत्तर रेलवे के नमन कपिल ने रजत पदक और दक्षिण पश्चिम रेलवे के सुजल जादव ने कांस्य पदक जीता।

इसी प्रकार टीम स्प्रिंट प्रतिस्पर्धा में मध्य रेलवे प्रथम स्थान पर रहा, जबकि उत्तर रेलवे ने द्वितीय और दक्षिण पश्चिम रेलवे ने तृतीय स्थान हासिल किया।

शुभारंभ समारोह के अवसर पर उत्तर पश्चिम रेलवे स्पोर्ट्स एसोसिएशन के उपाध्यक्ष एवं मुख्य संकेत एवं दूरसंचार इंजीनियर (निर्माण) श्री दीपक वर्मा, ओएसडी स्पोर्ट्स श्री जितेंद्र कुमार सहित उत्तर पश्चिम रेलवे के अन्य अधिकारीगण, प्रतिभागी खिलाड़ी तथा आयोजन समिति के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

चैंपियनशिप के तहत बुधवार, 23 सितंबर 2026 को स्प्रिंट, 1 किलोमीटर टाइम ट्रायल तथा 4 किलोमीटर इंडिविजुअल परस्यूट प्रतिस्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। प्रतियोगिता का समापन और पुरस्कार वितरण समारोह 24 सितंबर 2026 को होगा। तीन दिवसीय आयोजन में देशभर की रेलवे टीमों के खिलाड़ी ट्रैक साइकिलिंग की विभिन्न प्रतिस्पर्धाओं में हिस्सा ले रहे हैं।

Tags: