तस्वीर में स्काउट्स के द्वारा जयपुर में मतदाता जागरूकता रैली निकाली जा रही है।

नगरीय निकाय आम चुनाव में अधिक से अधिक मतदान के लिए जयपुर जिला निर्वाचन कार्यालय ने मतदाता जागरूकता अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में बुधवार को ‘स्वीप’ (सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक सहभागिता) कार्यक्रम के तहत 200 स्काउट्स ने मतदाता जागरूकता रैली निकालकर मानव श्रृंखला बनाई और मतदान का संदेश दिया।

मतदाता जागरूकता रैली को स्वीप प्रभारी एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद् शुभम भाईसारे ने स्काउट एंड गाइड मंडल मुख्यालय, बनीपार्क से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। 200 स्काउट्स की रैली विभिन्न मार्गों से होते हुए जिला कलेक्ट्रेट सर्किल पहुंची। यहां स्काउट्स ने कलेक्ट्रेट सर्किल के चारों ओर मानव श्रृंखला बनाई और मतदान जागरूकता से जुड़े प्रेरक नारे लगाए।

इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी म्यूनिसिपल संदेश नायक ने बताया कि जयपुर जिले की एक नगर निगम के 150 वार्डों के सदस्यों के लिए 11 सितंबर को मतदान होगा। वहीं, 2 नगर परिषद् सहित कुल 18 नगरीय निकायों के 540 वार्डों के सदस्यों के लिए 09 सितंबर को प्रातः 7ः00 बजे से सांय 6ः00 बजे तक मतदान होगा।


 


जिला निर्वाचन अधिकारी म्यूनिसिपल संदेश नायक ने जिले के नगरीय निकायों के सभी मतदाताओं से लोकतंत्र के इस पर्व में अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदाता मतदान के माध्यम से लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपना योगदान अवश्य दें।

कार्यक्रम के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी मेघराज मीना ने सभी उपस्थित लोगों को मतदाता जागरूकता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के उपनिदेशक हेमंत सिंह, स्काउट एवं गाइड मंडल मुख्यालय एस.सी.ओ. दामोदर प्रसाद शर्मा तथा जिला नोडल स्वीप समन्वयक दिनकर शर्मा सहित अन्य अधिकारी व गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

जयपुर में आयोजित इस मतदाता जागरूकता रैली और मानव श्रृंखला के जरिए नगरीय निकाय चुनाव में मतदाताओं की भागीदारी बढ़ाने का संदेश दिया गया।

Tags: