गोगामेड़ी मेले के लिए स्पेशल ट्रेन का ऐलान, अलीगढ़-गोगामेड़ी के बीच चलेगी
मेले में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे ने 18 डिब्बों वाली अनारक्षित स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है।
गोगामेडी मेले के दौरान बढ़ने वाले अतिरिक्त यात्री भार को देखते हुए रेलवे ने गोगामेडी-अलीगढ़-गोगामेडी अनारक्षित मेला स्पेशल रेलसेवा के संचालन का निर्णय लिया है। यह मेला 28.08.26 से 26.09.26 तक आयोजित होगा।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जन सम्पर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन के अनुसार गाड़ी संख्या 04749 गोगामेडी-अलीगढ़ अनारक्षित मेला स्पेशल 02.09.26 से 04.09.26 तक 03 ट्रिप चलेगी। यह ट्रेन गोगामेडी से 19.05 बजे रवाना होकर अगले दिन 04.50 बजे अलीगढ़ पहुंचेगी।
इसी प्रकार गाड़ी संख्या 04750 अलीगढ़-गोगामेडी अनारक्षित मेला स्पेशल 03.09.26 से 05.09.26 तक 03 ट्रिप संचालित होगी। यह ट्रेन अलीगढ़ से 06.30 बजे रवाना होकर 17.30 बजे गोगामेडी पहुंचेगी।
रेलवे के अनुसार यह रेलसेवा मार्ग में तहसील भादरा, सादुलपुर, लोहारू, महेन्द्रगढ, रेवाडी, दिल्ली, गाजियाबाद, दादरी व खुर्जा जं. स्टेशनों पर ठहराव करेगी। इससे इन स्टेशनों से यात्रा करने वाले यात्रियों को भी मेला अवधि के दौरान अतिरिक्त रेलसेवा उपलब्ध होगी।
इस मेला स्पेशल रेलसेवा में 16 साधारण श्रेणी और 02 गार्ड डिब्बों सहित कुल 18 डिब्बे होंगे। गोगामेडी मेले के दौरान अतिरिक्त यात्री भार को देखते हुए रेलवे की यह व्यवस्था निर्धारित अवधि में यात्रियों के लिए अनारक्षित रेलसेवा उपलब्ध कराएगी।