अहमदाबाद मंडल में जुलाई में स्वास्थ्य अभियानों की बड़ी पहल, हजारों रेलकर्मियों को लाभ

अहमदाबाद मंडल के चिकित्सा विभाग ने जुलाई 2026 में स्वास्थ्य शिविर, मलेरिया नियंत्रण, टीबी जांच, वेलनेस कैंप और जागरूकता अभियानों के जरिए हजारों रेलकर्मियों एवं परिवारों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचाया।

Update: 2026-08-03 13:50 GMT

तस्वीर में पश्चिम रेलवे चिकित्सा विभाग के शिविर के दौरान गांधीधाम स्टेशन पर स्वास्थ्य अधिकारियों और कर्मचारियों का समूह दिखाई दे रहा है।

अहमदाबाद: पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल के चिकित्सा विभाग ने जुलाई 2026 में जनस्वास्थ्य, रोग निवारण, स्वास्थ्य जागरूकता और कर्मचारी कल्याण के क्षेत्र में व्यापक अभियान चलाए। मंडल के विभिन्न रेलवे अस्पतालों, स्वास्थ्य इकाइयों, रेलवे कॉलोनियों, स्टेशनों और कार्यालयों में आयोजित स्वास्थ्य शिविरों, जांच अभियानों और जागरूकता कार्यक्रमों से हजारों रेलकर्मियों एवं उनके परिवारों को लाभ मिला।

मानसून के दौरान मलेरिया नियंत्रण और स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के लिए रेलवे कॉलोनियों, स्टेशनों, कार्यालयों, रनिंग रूम, लॉबी और बैरकों में मच्छरों के प्रजनन स्थलों का व्यापक सर्वेक्षण किया गया। इसके साथ ही फॉगिंग, लार्वीसाइडल उपचार और मलेरिया निरोधक गतिविधियां संचालित की गईं। रेलवे कॉलोनियों में पोस्टर और पम्पलेट के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया।



 ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के तहत प्रमुख रेलवे कॉलोनियों को बल्क वेस्ट जनरेटर (BWG) के रूप में चिन्हित कर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड में पंजीकरण की प्रक्रिया भी पूरी की गई।

अहमदाबाद मंडल के चिकित्सा विभाग ने 11 जुलाई को विश्व जनसंख्या दिवस और 28 जुलाई को विश्व हेपेटाइटिस दिवस के अवसर पर अस्पतालों, स्वास्थ्य इकाइयों और रेलवे कॉलोनियों में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। इन कार्यक्रमों में व्याख्यान, स्वास्थ्य शिक्षा कार्यक्रम, पोस्टर प्रदर्शनी और जागरूकता रैलियां आयोजित की गईं, जिनमें चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों और बड़ी संख्या में लाभार्थियों ने भाग लिया।



 जुलाई माह के दौरान मंडल के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों और रनिंग रूम में स्वास्थ्य जांच शिविरों का आयोजन किया गया। पाटन, पालनपुर, गांधीधाम, वटवा, महेसाणा सहित अन्य स्थानों पर आयोजित शिविरों में सैकड़ों रेलकर्मियों और उनके परिवारजनों की स्वास्थ्य जांच की गई। महेसाणा स्वास्थ्य इकाई में टीबी स्क्रीनिंग के तहत 75 व्यक्तियों की छाती की एक्स-रे जांच की गई, जिसमें कोई भी टीबी रोगी नहीं पाया गया।

पर्यावरण संरक्षण के लिए 12 जुलाई को "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के अंतर्गत साबरमती रेलवे कॉलोनी में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक, शाखा अधिकारियों और बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

जुलाई माह में कांकारिया स्वास्थ्य इकाई में ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (HPV) टीकाकरण शिविर आयोजित किया गया। इसके अलावा राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस, विश्व जनसंख्या दिवस, विश्व हेपेटाइटिस दिवस, एंटी मलेरिया गतिविधियों और '100 दिवस टीबी मुक्त अभियान' के तहत विभिन्न कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में कर्मचारियों और लाभार्थियों ने सहभागिता की।

चिकित्सा अधिकारियों और कर्मचारियों के कौशल विकास के लिए उन्नत प्रबंधन कार्यक्रम (AMP-III), बायो मेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट, हॉस्पिटल इंफेक्शन कंट्रोल कमेटी और HMIS मॉड्यूल से संबंधित प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।

जुलाई माह में कुल 11 वेलनेस कैंप आयोजित किए गए, जिनमें 844 लाभार्थियों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। इन शिविरों के दौरान 36 नए उच्च रक्तचाप (Hypertension) और 20 नए मधुमेह (Diabetes) रोगियों की पहचान की गई। आयुष ओपीडी के अंतर्गत आयुर्वेद में 372 तथा होम्योपैथी में 204 रोगियों का उपचार किया गया।

चिकित्सा परीक्षण के क्षेत्र में जुलाई माह के दौरान 124 अभ्यर्थियों और 231 रेल कर्मचारियों के चिकित्सीय परीक्षण किए गए। मंडल रेलवे अस्पताल में दो सफल टोटल नी रिप्लेसमेंट (TKR) ऑपरेशन, शोल्डर रोटेटर कफ रिपेयर, यूआरएसएल (URSL) और सिस्टोलिथोट्रिप्सी जैसी आधुनिक चिकित्सीय प्रक्रियाएं भी सफलतापूर्वक पूरी की गईं।

पश्चिम रेलवे का अहमदाबाद मंडल अपने चिकित्सा विभाग के माध्यम से रेलकर्मियों, उनके परिवारजनों और यात्रियों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ निवारक स्वास्थ्य, स्वच्छता और जनजागरूकता अभियानों को लगातार आगे बढ़ा रहा है।

Similar News