तस्वीर में रेल संरक्षा आयुक्त और अन्य रेलवे अधिकारी सामाख्याली-भचाऊ रेलखंड पर मोटर ट्रॉली पर सवार होकर संरक्षा निरीक्षण करते हुए नजर आ रहे हैं।

पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल में सामाख्याली–भचाऊ चौहरीकरण परियोजना के अंतर्गत नव-निर्मित तीसरी एवं चौथी रेल लाइन पर यात्री रेल सेवाएं प्रारंभ किए जाने से पूर्व रेल संरक्षा आयुक्त (पश्चिम सर्कल) श्री ई. श्रीनिवास ने बुधवार को विस्तृत संरक्षा निरीक्षण के प्रथम चरण की शुरुआत सामाख्याली रेलवे स्टेशन से की। इस अवसर पर अहमदाबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री वेद प्रकाश एवं मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) श्री प्रदीप गुप्ता सहित निर्माण एवं ओपन लाइन विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के पहले दिन रेल संरक्षा आयुक्त ने प्रस्तावित डाउन मेन-2 लाइन पर सामाख्याली से भचाऊ के मध्य लगभग 16.40 किलोमीटर लंबे रेलखंड का मोटर ट्रॉली के माध्यम से विस्तृत संरक्षा निरीक्षण किया। इस दौरान नई रेल लाइन की गुणवत्ता, ट्रैक ज्योमेट्री, रेल वेल्डिंग, लेवल क्रॉसिंग, सिग्नल एवं दूरसंचार प्रणाली, ओवरहेड विद्युत उपकरण (OHE), रेल संरक्षा मानकों तथा परिचालन संबंधी व्यवस्थाओं का सूक्ष्म परीक्षण किया गया।




 संरक्षा निरीक्षण के दौरान रेल संरक्षा आयुक्त ने सामाख्याली रेलवे स्टेशन के यार्ड, परिचालन व्यवस्था, सिग्नलिंग प्रणाली, इंटरलॉकिंग, पॉइंट मशीनों तथा स्टेशन पर उपलब्ध विभिन्न संरक्षा उपकरणों का भी गहन निरीक्षण किया। इसके बाद कर्व संख्या 63B1, समपार फाटक (लेवल क्रॉसिंग) संख्या 202C, 203C, 205 एवं 206 तथा ब्रिज संख्या 254, 261 एवं 261A का सूक्ष्म परीक्षण किया गया।

निरीक्षण के क्रम में वोंध रेलवे स्टेशन का भी विस्तृत निरीक्षण किया गया। यहां स्टेशन की परिचालन क्षमता, यार्ड विन्यास, सिग्नलिंग व्यवस्था, यात्री सुविधाओं एवं संरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

समपार फाटक पर मंडल रेल प्रबंधक श्री वेद प्रकाश ने स्थानीय नागरिकों से संवाद भी किया। इस दौरान स्थानीय नागरिकों ने समपार फाटक बंद रहने के समय होने वाली असुविधाओं, लंबे समय तक प्रतीक्षा करने तथा वैकल्पिक मार्ग से होकर आवागमन करने की समस्याओं से अवगत कराया। इस पर मंडल रेल प्रबंधक ने संबंधित अधिकारियों को जनहित को ध्यान में रखते हुए इन समस्याओं के त्वरित एवं व्यवहारिक समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

संरक्षा निरीक्षण के अगले चरण में 06 अगस्त, 2026 को विद्युत इंजन के साथ 120 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से स्पीड ट्रायल किया जाएगा। यह परीक्षण सामाख्याली–भचाऊ चौहरीकरण परियोजना के अंतर्गत नव-निर्मित तीसरी एवं चौथी रेल लाइन पर यात्री रेल सेवाएं प्रारंभ किए जाने से पूर्व संरक्षा प्रक्रिया का महत्वपूर्ण चरण होगा।

Tags: