तस्वीर में डेरोल रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर आरपीएफ जवान और उनका श्वान जीको एक यात्री के सामान और एलपीजी सिलेंडर की जांच करते हुए नजर आ रहे हैं।

डेरोल रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल के डॉग स्क्वॉड श्वान "जीको" की सतर्कता से एक यात्री के सामान से एलपीजी सिलेंडर बरामद किया गया। रेलवे सुरक्षा बल द्वारा यात्रियों की सुरक्षा और रेल परिसरों में प्रतिबंधित एवं ज्वलनशील वस्तुओं की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान "जन जागरण" के तहत 04.08.2026 को यह कार्रवाई की गई।

पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल के जनसम्पर्क अधिकारी श्री अनुभव सक्सेना द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 04.08.2026 को डेरोल रेलवे स्टेशन पर डॉग हैंडलर सहायक उप निरीक्षक नवीन सिंह अपने स्टाफ और श्वान "जीको" के साथ ज्वलनशील पदार्थों की विशेष जांच कर रहे थे। इसी दौरान प्लेटफॉर्म पर जांच के समय श्वान "जीको" ने एक यात्री के सामान को लेकर संकेत किया।

श्वान के संकेत के बाद हैंडलर ने यात्री से उसका सामान खुलवाकर जांच की, जिसमें 5 किलोग्राम क्षमता का एक एलपीजी सिलेंडर बरामद हुआ। बरामदगी के बाद आगे की कार्रवाई के लिए मामले को आरपीएफ पोस्ट गोधरा को सौंप दिया गया।

जांच के दौरान सहायक उप निरीक्षक महेंद्र पाल सिंह द्वारा पूछताछ करने पर संबंधित व्यक्ति ने अपना नाम हरि मदनलाल धाकड़ (उम्र 63 वर्ष), निवासी ग्शिवपुरी (मध्य प्रदेश) बताया। वह अपने पुत्र राजा धाकड़ के साथ सामान्य टिकट पर डेरोल से उज्जैन जाने के लिए प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर प्रतीक्षा कर रहा था।

पूछताछ में संबंधित व्यक्ति ने एलपीजी सिलेंडर अपने साथ ले जाने की बात स्वीकार की। इस मामले में प्रकरण दर्ज किया गया तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी द्वारा जमानत आवेदन प्रस्तुत करने और निर्धारित औपचारिकताएं पूरी करने पर उसे नियमानुसार जमानत पर रिहा कर दिया गया।

पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल के सुरक्षा विभाग के अनुसार, रेलवे परिसर और ट्रेनों में एलपीजी सिलेंडर सहित किसी भी प्रकार की ज्वलनशील एवं प्रतिबंधित सामग्री का परिवहन रेलवे नियमों का उल्लंघन है और इससे यात्रियों की सुरक्षा को गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है। पश्चिम रेलवे का वडोदरा मंडल यात्रियों से अपील करता है कि वे ऐसी सामग्री साथ लेकर यात्रा न करें। रेलवे सुरक्षा बल भविष्य में भी इस प्रकार के विशेष अभियान लगातार जारी रखेगा।

Tags: