भारतीय रेलवे में मिशन मोड भर्ती तेज: जून 2026 तक 5.56 लाख नियुक्तियां, 1.61 लाख पदों पर प्रक्रिया जारी
भारतीय रेलवे ने जून 2026 तक 5.56 लाख भर्तियां पूरी करने का दावा किया है। लोकसभा में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भर्ती प्रक्रिया, 1.61 लाख पदों पर चल रही नियुक्तियां, 2024-26 के वार्षिक भर्ती कैलेंडर और करोड़ों अभ्यर्थियों की परीक्षा से जुड़े विस्तृत आंकड़े साझा किए।
भारतीय रेलवे ने मिशन मोड में भर्ती अभियान को गति देते हुए जून 2026 तक 5.56 लाख नियुक्तियां पूरी कर ली हैं। इनमें दक्षिण रेलवे के लिए 50,485 नियुक्तियां शामिल हैं। केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 और 2025 की भर्ती परीक्षा चक्र के दौरान लगभग 4.5 करोड़ अभ्यर्थियों ने कंप्यूटर आधारित परीक्षाओं (सीबीटी) में भाग लिया। भर्ती परीक्षाएं 150 से अधिक शहरों में 15 भाषाओं में आयोजित की गईं, ताकि रेलवे अभ्यर्थियों को व्यापक पहुंच और अधिक सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
सरकार द्वारा उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2004-05 से 2013-14 के बीच भारतीय रेलवे में 4.11 लाख भर्तियां की गई थीं, जबकि वर्ष 2014-15 से 2026-27 की अवधि में 30 जून 2026 तक 5.56 लाख भर्तियां पूरी की जा चुकी हैं। इनमें दक्षिण रेलवे के लिए 50,485 नियुक्तियां शामिल हैं।
रेल मंत्रालय के अनुसार भारतीय रेलवे के विशाल नेटवर्क, उसके भौगोलिक विस्तार और परिचालन की संवेदनशीलता को देखते हुए रिक्तियों का उत्पन्न होना और उन्हें भरना एक सतत प्रक्रिया है। नियमित परिचालन, तकनीकी बदलाव, मशीनीकरण और नवाचारों के अनुरूप पर्याप्त एवं उपयुक्त मानव संसाधन उपलब्ध कराया जाता है। परिचालन और तकनीकी आवश्यकताओं के आधार पर रेलवे भर्ती एजेंसियों को मांग-पत्र भेजकर रिक्तियां भरी जाती हैं।
मंत्रालय ने बताया कि रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) की परीक्षाएं अत्यंत तकनीकी प्रकृति की होती हैं, जिनमें बड़े पैमाने पर संसाधनों, मानवबल और प्रशिक्षण की आवश्यकता होती है। इन सभी चुनौतियों के बावजूद रेलवे ने निर्धारित दिशानिर्देशों का पालन करते हुए पारदर्शी तरीके से भर्ती परीक्षाओं का सफल संचालन किया।
व्यवस्था में सुधार के तहत रेल मंत्रालय ने वर्ष 2024 से ग्रुप ‘सी’ के विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए वार्षिक कैलेंडर प्रकाशित करने की व्यवस्था शुरू की है। इसके माध्यम से अभ्यर्थियों को अधिक अवसर मिल रहे हैं, प्रत्येक वर्ष पात्र होने वाले उम्मीदवारों को मौका मिल रहा है, परीक्षाओं की निश्चितता सुनिश्चित हुई है तथा भर्ती, प्रशिक्षण और नियुक्ति की प्रक्रिया तेज हुई है।
वर्तमान में वार्षिक कैलेंडर 2024, 2025 और 2026 के तहत भारतीय रेलवे में गैर-राजपत्रित कर्मचारियों के 1,61,889 पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। इनमें दक्षिण रेलवे के 11,387 पद भी शामिल हैं।
जनवरी से दिसंबर 2024 के दौरान 92,116 रिक्तियों के लिए 10 केंद्रीयकृत रोजगार अधिसूचनाएं (सीईएन) जारी की गईं। इनमें दक्षिण रेलवे के 6,927 पद शामिल थे। इन अधिसूचनाओं के तहत सहायक लोको पायलट (एएलपी), तकनीशियन, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के सब-इंस्पेक्टर और कांस्टेबल, जूनियर इंजीनियर (जेई), डिपो मटेरियल सुपरिंटेंडेंट (डीएमएस), केमिकल एंड मेटलर्जिकल असिस्टेंट (सीएमए), पैरामेडिकल श्रेणियां, गैर-तकनीकी लोकप्रिय श्रेणियां (स्नातक एवं स्नातक-पूर्व), मिनिस्टीरियल एवं आइसोलेटेड श्रेणियां तथा लेवल-1 के पद जैसे असिस्टेंट, ट्रैक मेंटेनर और पॉइंट्समैन शामिल थे।
इन 92,116 पदों के लिए प्रथम चरण अथवा एकल चरण की कंप्यूटर आधारित परीक्षाएं पूरी हो चुकी हैं। एएलपी के 18,799 पदों के लिए 18,40,347 अभ्यर्थियों ने 156 शहरों में 15 भाषाओं में परीक्षा दी। तकनीशियन के 14,298 पदों के लिए 26,99,892 अभ्यर्थियों ने 139 शहरों में 15 भाषाओं में परीक्षा दी। जेई/डीएमएस/सीएमए के 7,951 पदों के लिए 11,01,266 अभ्यर्थियों ने 146 शहरों में 15 भाषाओं में परीक्षा दी। आरपीएफ सब-इंस्पेक्टर के 452 पदों के लिए 15,35,635 अभ्यर्थियों ने 143 शहरों में 15 भाषाओं में परीक्षा दी। आरपीएफ कांस्टेबल के 4,208 पदों के लिए 45,30,288 अभ्यर्थियों ने 147 शहरों में 15 भाषाओं में परीक्षा दी। पैरामेडिकल श्रेणियों के 1,376 पदों के लिए 7,08,321 अभ्यर्थियों ने 143 शहरों में 15 भाषाओं में परीक्षा दी। गैर-तकनीकी लोकप्रिय श्रेणी (स्नातक) के 8,113 पदों के लिए 58,41,774 अभ्यर्थियों ने 141 शहरों में 15 भाषाओं में परीक्षा दी। गैर-तकनीकी लोकप्रिय श्रेणी (स्नातक-पूर्व) के 3,445 पदों के लिए 63,27,473 अभ्यर्थियों ने 157 शहरों में 15 भाषाओं में परीक्षा दी। मिनिस्टीरियल एवं आइसोलेटेड श्रेणियों के 1,036 पदों के लिए 4,46,013 अभ्यर्थियों ने 139 शहरों में 15 भाषाओं में परीक्षा दी। लेवल-1 के 32,438 पदों के लिए 1,08,28,261 अभ्यर्थियों ने 152 शहरों में 15 भाषाओं में परीक्षा दी। इन सभी परीक्षाओं में कुल 3,58,59,270 अभ्यर्थी शामिल हुए।
एएलपी, जेई/डीएमएस/सीएमए तथा गैर-तकनीकी लोकप्रिय श्रेणियों (स्नातक एवं स्नातक-पूर्व) के लिए दूसरे चरण की सीबीटी भी पूरी हो चुकी है। एएलपी के 18,799 पदों के लिए 2,66,363 अभ्यर्थियों ने 112 शहरों में 15 भाषाओं में परीक्षा दी। जेई/डीएमएस/सीएमए के 7,951 पदों के लिए 1,17,339 अभ्यर्थियों ने 118 शहरों में 15 भाषाओं में परीक्षा दी। गैर-तकनीकी लोकप्रिय श्रेणी (स्नातक) के 8,113 पदों के लिए 1,21,931 अभ्यर्थियों ने 129 शहरों में 15 भाषाओं में परीक्षा दी। गैर-तकनीकी लोकप्रिय श्रेणी (स्नातक-पूर्व) के 3,445 पदों के लिए 51,978 अभ्यर्थियों ने 79 शहरों में 15 भाषाओं में परीक्षा दी। इन परीक्षाओं में कुल 5,57,611 अभ्यर्थी शामिल हुए।
एएलपी और गैर-तकनीकी लोकप्रिय श्रेणी (स्नातक) के पदों के लिए कंप्यूटर आधारित एप्टीट्यूड टेस्ट (सीबीएटी) तथा गैर-तकनीकी लोकप्रिय श्रेणियों (स्नातक एवं स्नातक-पूर्व) और मिनिस्टीरियल एवं आइसोलेटेड श्रेणियों के लिए कंप्यूटर आधारित टाइपिंग एवं स्किल टेस्ट भी पूरे किए जा चुके हैं। एएलपी के लिए सीबीएटी में 1,32,044 अभ्यर्थियों ने 84 शहरों में दो भाषाओं में परीक्षा दी। मिनिस्टीरियल एवं आइसोलेटेड श्रेणियों के ट्रांसलेशन टेस्ट में 1,233 अभ्यर्थियों ने आठ शहरों में दो भाषाओं में परीक्षा दी। गैर-तकनीकी लोकप्रिय श्रेणी (स्नातक) के सीबीएटी में 13,616 अभ्यर्थियों ने 38 शहरों में दो भाषाओं में परीक्षा दी। स्नातक श्रेणी के कंप्यूटर आधारित टाइपिंग स्किल टेस्ट में 30,341 अभ्यर्थियों ने 58 शहरों में दो भाषाओं में परीक्षा दी, जबकि स्नातक-पूर्व श्रेणी के टाइपिंग स्किल टेस्ट में 13,145 अभ्यर्थियों ने 44 शहरों में दो भाषाओं में भाग लिया। इन सभी परीक्षाओं में कुल 1,90,379 अभ्यर्थी शामिल हुए।
वर्ष 2026-27 में 30 जून 2026 तक तकनीशियन, जूनियर इंजीनियर, पैरामेडिकल श्रेणियां, मिनिस्टीरियल एवं आइसोलेटेड श्रेणियां तथा सहायक लोको पायलट सहित विभिन्न पदों के लिए 3,300 से अधिक अभ्यर्थियों के पैनल अंतिम रूप से तैयार किए जा चुके हैं। इनमें अधिकांश पद सुरक्षा श्रेणी से संबंधित हैं।
वार्षिक कैलेंडर 2025 के तहत 51,970 रिक्तियों के लिए नौ केंद्रीयकृत रोजगार अधिसूचनाएं जारी की गईं। इनमें दक्षिण रेलवे के 3,412 पद शामिल हैं। इन अधिसूचनाओं के तहत मार्च 2025 में 10,970 सहायक लोको पायलट, जून 2025 में 6,238 तकनीशियन, जुलाई 2025 में 434 पैरामेडिकल श्रेणियां, अगस्त 2025 में 368 सेक्शन कंट्रोलर, अक्टूबर 2025 में 2,585 जेई/डीएमएस/सीएमए, अक्टूबर 2025 में 5,810 गैर-तकनीकी लोकप्रिय श्रेणी (स्नातक), अक्टूबर 2025 में 3,058 गैर-तकनीकी लोकप्रिय श्रेणी (स्नातक-पूर्व), दिसंबर 2025 में 312 आइसोलेटेड श्रेणियां तथा दिसंबर 2025 में 22,195 लेवल-1 पदों के लिए अधिसूचनाएं जारी की गईं।
इनमें से 29,775 पदों के लिए प्रथम चरण अथवा एकल चरण की सीबीटी पूरी हो चुकी है। सेक्शन कंट्रोलर के 368 पदों के लिए 4,33,748 अभ्यर्थियों ने 131 शहरों में 15 भाषाओं में परीक्षा दी। एएलपी के 10,970 पदों के लिए 10,03,719 अभ्यर्थियों ने 141 शहरों में 15 भाषाओं में परीक्षा दी। जेई/डीएमएस/सीएमए के 2,585 पदों के लिए 5,74,351 अभ्यर्थियों ने 133 शहरों में 15 भाषाओं में परीक्षा दी। तकनीशियन के 6,238 पदों के लिए 8,41,525 अभ्यर्थियों ने 117 शहरों में 15 भाषाओं में परीक्षा दी। पैरामेडिकल श्रेणियों के 434 पदों के लिए 3,19,396 अभ्यर्थियों ने 106 शहरों में 15 भाषाओं में परीक्षा दी। गैर-तकनीकी लोकप्रिय श्रेणी (स्नातक) के 5,810 पदों के लिए 25,89,851 अभ्यर्थियों ने 142 शहरों में 15 भाषाओं में परीक्षा दी। गैर-तकनीकी लोकप्रिय श्रेणी (स्नातक-पूर्व) के 3,058 पदों के लिए 32,95,980 अभ्यर्थियों ने 142 शहरों में 15 भाषाओं में परीक्षा दी। आइसोलेटेड श्रेणियों के 312 पदों के लिए 37,774 अभ्यर्थियों ने 34 शहरों में 15 भाषाओं में परीक्षा दी। इन परीक्षाओं में कुल 90,96,344 अभ्यर्थी शामिल हुए।
वर्ष 2025 भर्ती चक्र में जेई/डीएमएस/सीएमए तथा गैर-तकनीकी लोकप्रिय श्रेणी (स्नातक) के दूसरे चरण की सीबीटी भी पूरी हो चुकी है। जेई/डीएमएस/सीएमए के 2,585 पदों के लिए 39,034 अभ्यर्थियों ने 90 शहरों में 15 भाषाओं में परीक्षा दी, जबकि गैर-तकनीकी लोकप्रिय श्रेणी (स्नातक) के 5,810 पदों के लिए 87,317 अभ्यर्थियों ने 98 शहरों में 15 भाषाओं में परीक्षा दी। इन दोनों परीक्षाओं में कुल 1,26,351 अभ्यर्थी शामिल हुए।
सेक्शन कंट्रोलर के 368 पदों के लिए कंप्यूटर आधारित एप्टीट्यूड टेस्ट भी पूरा हो चुका है, जिसमें 2,989 अभ्यर्थियों ने 24 शहरों में दो भाषाओं में भाग लिया।
वार्षिक कैलेंडर 2026 के तहत अब तक तीन केंद्रीयकृत रोजगार अधिसूचनाएं जारी की गई हैं। इनके अंतर्गत कुल 17,803 रिक्तियां अधिसूचित की गई हैं, जिनमें दक्षिण रेलवे के 1,048 पद शामिल हैं। मार्च 2026 में 11,127 सहायक लोको पायलट, मई 2026 में 6,557 तकनीशियन तथा जून 2026 में 119 सेक्शन कंट्रोलर पदों के लिए अधिसूचनाएं जारी की गई हैं।
लोकसभा में दिए गए अपने उत्तर में केंद्रीय मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि भारतीय रेलवे भर्ती प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, समयबद्ध और व्यापक बनाने के लिए वार्षिक भर्ती कैलेंडर लागू किया गया है। इसके साथ ही विभिन्न श्रेणियों में बड़े पैमाने पर भर्ती प्रक्रिया जारी है और निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार रिक्तियों को भरा जा रहा है।