ओमनगर-चमनपुरा लिमिटेड हाइट सबवे का डीआरएम और विधायक ने किया निरीक्षण, 30 सितंबर तक पूरा होगा निर्माण

करीब ₹19 करोड़ की लागत से ओमनगर और चमनपुरा के बीच निर्माणाधीन लिमिटेड हाइट सबवे का डीआरएम वेद प्रकाश और विधायक कंचनबेन विनुभाई रादड़िया ने संयुक्त निरीक्षण किया। अधिकारियों को 30 सितंबर 2026 तक कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए। परियोजना पूरी होने से क्षेत्र की यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार होगा।

Update: 2026-07-29 11:22 GMT

तस्वीर में अहमदाबाद के असारवा-हिम्मतनगर रेलखंड के पास रेलवे ट्रैक के किनारे मंडल रेल प्रबंधक श्री वेद प्रकाश और ठक्करबापा नगर की विधायक श्रीमती कंचनबेन विनुभाई रादड़िया अधिकारियों के साथ निर्माणाधीन लिमिटेड हाइट सबवे क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए दिखाई दे रहे हैं।

अहमदाबाद के असारवा–हिम्मतनगर रेलखंड पर ओमनगर और चमनपुरा के बीच लेवल क्रॉसिंग संख्या-3 पर निर्माणाधीन लिमिटेड हाइट सबवे (एलएचएस) का बुधवार, 29 जुलाई 2026 को प्रातः 06.00 बजे पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री वेद प्रकाश तथा ठक्करबापा नगर विधानसभा क्षेत्र की विधायक श्रीमती कंचनबेन विनुभाई रादड़िया ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों ने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ परियोजना पूर्ण करने के निर्देश दिए।

उल्लेखनीय है कि हाल ही में अहमदाबाद दौरे के दौरान केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने इस अंडरब्रिज के निर्माण कार्य को आगामी नवरात्रि महोत्सव से पहले पूरा करने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में परियोजना की प्रगति की समीक्षा के उद्देश्य से यह संयुक्त निरीक्षण किया गया।

करीब ₹19 करोड़ की लागत से तैयार किए जा रहे इस लिमिटेड हाइट सबवे की लंबाई 265 मीटर तथा चौड़ाई 8.5 मीटर होगी। परियोजना का निर्माण बॉक्स पुशिंग पद्धति (Box Pushing Method) से किया जा रहा है। रेलवे ट्रैक के नीचे बॉक्स पुशिंग का कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया जा चुका है, जबकि अप्रोच रोड निर्माण का कार्य जारी है। वर्तमान में अहमदाबाद नगर निगम (AMC) द्वारा सेवरेज ड्रेन का कार्य तथा टोरेंट पावर द्वारा विद्युत केबलों के स्थानांतरण (Electric Cable Shifting) का कार्य प्रगति पर है। अधिकारियों ने बताया कि इन कार्यों के पूर्ण होते ही शेष निर्माण कार्य में और तेजी लाई जाएगी।



 निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जानकारी दी कि इस परियोजना को 30 सितंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वर्तमान में आसपास की कॉलोनियों के निवासियों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसे देखते हुए मंडल रेल प्रबंधक श्री वेद प्रकाश ने संबंधित अधिकारियों को ड्रेन एवं साइड रोड का कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि स्थानीय नागरिकों की आवाजाही सुगम हो सके। साथ ही उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि इन कार्यों के दौरान लिमिटेड हाइट सबवे (LHS) का निर्माण कार्य बिना किसी बाधा के लगातार जारी रहे।

इस लिमिटेड हाइट सबवे के निर्माण से लेवल क्रॉसिंग पर यातायात की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित होगी। सड़क उपयोगकर्ताओं को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी और क्षेत्र में यातायात जाम की समस्या में भी उल्लेखनीय कमी आने की उम्मीद है। निरीक्षण के दौरान रेलवे तथा संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Tags:    

Similar News