माउंट आबू में आयोजित होने वाली राजस्थान स्टेट सीनियर पुरुष फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए हनुमानगढ़ टीम के कप्तान अल्ताफ खान (बाएं) और उपकप्तान पुलकित तिवाड़ी (दाएं)।

माउंट आबू (सिरोही) में 22 अक्टूबर से आयोजित होने वाली राजस्थान स्टेट सीनियर पुरुष फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए जिला फुटबॉल संघ हनुमानगढ़ की 18 सदस्यीय टीम घोषित कर दी गई है। टीम की कप्तानी अल्ताफ खान को सौंपी गई है, जबकि पुलकित तिवाड़ी उपकप्तान की जिम्मेदारी संभालेंगे। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर राजस्थान की टीम का चयन किया जाएगा, जो संतोष ट्रॉफी में राज्य का प्रतिनिधित्व करेगी।

जिला फुटबॉल संघ हनुमानगढ़ के सचिव शशिकांत शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता के लिए 18 सदस्यीय टीम का चयन किया गया है। टीम में मोहम्मद आसिफ, अमित स्वामी, सौरभ, सर्वेश राव, नीतीश कुमार, संजय शर्मा, हितेश सेन, दानिश, पारस शर्मा, सचिन साहू, निर्मल सिंह, सुनील कुमार, चैतन्य, तौसीफ और शिवम सहारण सहित अन्य खिलाड़ी शामिल हैं।

शशिकांत शर्मा के अनुसार, माउंट आबू में होने वाली इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर राजस्थान की 22 सदस्यीय टीम चुनी जाएगी। चयनित टीम अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) के तत्वावधान में आयोजित होने वाली प्रतिष्ठित संतोष ट्रॉफी प्रतियोगिता में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करेगी। ऐसे में हनुमानगढ़ के खिलाड़ियों के लिए यह प्रतियोगिता राज्य की टीम में जगह बनाने का अवसर होगी।

उल्लेखनीय है कि जिला फुटबॉल संघ हनुमानगढ़ की टीम पिछली राजस्थान स्टेट सीनियर पुरुष फुटबॉल प्रतियोगिता में उपविजेता रही थी। इस बार भी टीम से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। अल्ताफ खान की कप्तानी और पुलकित तिवाड़ी की उपकप्तानी में टीम के खिलाड़ी माउंट आबू में अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे और राजस्थान की 22 सदस्यीय टीम में स्थान बनाने के लिए मुकाबले में उतरेंगे।

Tags: