नोहर पंचायत समिति में कांग्रेस की संतोष गोदारा प्रधान निर्वाचित
| 22 वोट पाकर परमेश्वरी देवी को 11 मतों से हराया; दो निर्दलीयों के समर्थन से बढ़ी संख्या, नोहर व पल्लू दोनों समितियों में कांग्रेस का प्रधान बना।
नोहर पंचायत समिति में संतोष गोदारा के प्रधान निर्वाचित होने के बाद समर्थकों संग जश्न मनाते विधायक अमित चाचाण।
नोहर पंचायत समिति में प्रधान पद के चुनाव में कांग्रेस ने स्पष्ट बहुमत के साथ जीत दर्ज की। शुक्रवार, 27 नवंबर को हुए मतदान में कांग्रेस प्रत्याशी संतोष गोदारा ने भाजपा समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी परमेश्वरी देवी को 11 वोटों से हराकर प्रधान पद हासिल किया। संतोष गोदारा को 22, परमेश्वरी देवी को 11 और माकपा प्रत्याशी सुखी देवी को 2 वोट मिले। इस जीत के साथ ही नोहर और पल्लू दोनों पंचायत समितियों में कांग्रेस का प्रधान निर्वाचित हुआ है। चुनाव परिणाम को विधायक अमित चाचाण की रणनीति और संगठनात्मक सक्रियता की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
प्रधान पद के चुनाव में भाजपा ने अपना आधिकारिक प्रत्याशी मैदान में नहीं उतारा। पार्टी ने पूर्व जिला अध्यक्ष रामकृष्ण भाकर की पत्नी एवं पंचायत चुनाव में भाजपा के टिकट पर निर्वाचित परमेश्वरी देवी को समर्थन दिया। वहीं, माकपा की ओर से सुखी देवी ने चुनाव लड़ा। इस तरह मुकाबला त्रिकोणीय हो गया। मतदान से ठीक पहले विधायक अमित चाचाण और माकपा नेता मंगेज चौधरी ने साझा पत्रकार वार्ता भी आयोजित की।
दो निर्दलीयों का समर्थन जुटाकर चाचाण ने मजबूत किया समीकरण
नोहर पंचायत समिति के 35 ब्लॉकों में हुए चुनाव में कांग्रेस ने 20, भाजपा ने 11, माकपा ने 2 और निर्दलीय प्रत्याशियों ने 2 सीटों पर जीत दर्ज की थी। कांग्रेस के पास पहले से बहुमत था, लेकिन प्रधान पद के चुनाव में विधायक अमित चाचाण की रणनीति ने पार्टी की स्थिति और मजबूत कर दी। चुनाव जीतकर आए दोनों निर्दलीय पंचायत समिति सदस्यों का समर्थन कांग्रेस प्रत्याशी संतोष गोदारा को मिला। दोनों निर्दलीयों के कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने से संतोष गोदारा के मतों की संख्या 22 पहुंच गई। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 11 वोटों से पराजित किया।
जनता ने भाजपा की नीतियों का वोट की चोट से दिया जवाब : चाचाण
संतोष गोदारा के प्रधान निर्वाचित होने के बाद विधायक अमित चाचाण ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि क्षेत्र की जनता ने भाजपा की गलत नीतियों का जवाब वोट की चोट से दिया है। इसका परिणाम है कि नोहर और पल्लू दोनों पंचायत समितियों में कांग्रेस का प्रधान बना है। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव में भाजपा चारों खाने चित हो गई। इसका सबसे बड़ा प्रमाण यह है कि प्रधान पद के चुनाव में भाजपा अपने चुनाव चिह्न पर प्रत्याशी तक नहीं उतार सकी।
चाचाण ने कहा कि भाजपा की तानाशाही से जनता तंग आ चुकी है और पंचायत चुनाव में मतदाताओं ने भाजपा को करारा जवाब दिया है। कांग्रेस का प्रधान बनने से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की नई राह खुलेगी और बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य करवाए जाएंगे।
सभी को साथ लेकर विकास करवाना प्राथमिकता : संतोष गोदारा
नवनिर्वाचित प्रधान संतोष गोदारा ने कहा कि सभी को साथ लेकर ग्रामीण क्षेत्र में विकास कार्यों की नई इबारत लिखी जाएगी। क्षेत्र की जनता की उम्मीदों पर खरा उतरना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उनके प्रधान निर्वाचित होने की खुशी में विधायक निवास पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर जश्न मनाया। कार्यकर्ताओं ने पटाखे छोड़कर और मिठाइयां बांटकर खुशी का इजहार किया। पीसीसी सदस्य राजेंद्र चाचाण ने नोहर और पल्लू में कांग्रेस के प्रधान निर्वाचित होने पर मतदाताओं का आभार जताया।
फेफाना गांव को चौथी बार मिला प्रधान पद का प्रतिनिधित्व
नोहर पंचायत समिति की नवनिर्वाचित प्रधान संतोष गोदारा बीकानेर संभाग के सबसे बड़े गांव फेफाना की निवासी हैं। उन्होंने पंचायत चुनाव में ब्लॉक संख्या 30 से कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ते हुए 208 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की थी।
संतोष गोदारा से पहले फेफाना गांव के तीन नेता पंचायत समिति प्रधान रह चुके हैं। इनमें कांग्रेस के विशुपाल आर्य, भाजपा की उर्मिला बिजारणिया और अमर सिंह पुनिया शामिल हैं। अब संतोष गोदारा के प्रधान बनने के साथ ही फेफाना गांव को चौथी बार पंचायत समिति प्रधान पद का प्रतिनिधित्व मिला है।
संतोष गोदारा इससे पहले भी पंचायत समिति सदस्य रह चुकी हैं और शिक्षित परिवार से आती हैं। उनके पति विनोद गोदारा ने इस पंचायत चुनाव में फेफाना गांव से सरपंच पद का चुनाव लड़ा था, हालांकि उन्हें पराजय का सामना करना पड़ा।
नोहर-पल्लू में कांग्रेस की जीत से विधायक अमित चाचाण का बढ़ा राजनीतिक कद
नोहर विधानसभा क्षेत्र की दोनों पंचायत समितियों नोहर और पल्लू में कांग्रेस का प्रधान बनने से विधायक अमित चाचाण का राजनीतिक कद बढ़ा है। पूरे पंचायत चुनाव के दौरान चाचाण ने क्षेत्र के गांवों में लगातार जनसंपर्क कर कार्यकर्ताओं और मतदाताओं के बीच अपनी सक्रियता बनाए रखी। उन्होंने भाजपा सरकार की नीतियों और कांग्रेस शासन में हुए विकास कार्यों को चुनावी मुद्दा बनाकर प्रचार किया।
वहीं, पीसीसी सदस्य राजेंद्र चाचाण के निर्देशन में कार्यकर्ताओं से रायशुमारी के बाद टिकटों का वितरण किया गया। पार्टी ने स्थानीय समीकरणों और कार्यकर्ताओं की पसंद को प्राथमिकता दी। इसका फायदा कांग्रेस को मिला और पार्टी पंचायत समिति में पूर्ण बहुमत हासिल करने में सफल रही।
गौरतलब है कि पिछले विधानसभा चुनाव में पल्लू क्षेत्र में कांग्रेस भाजपा से पिछड़ गई थी, लेकिन इस पंचायत चुनाव में पीसीसी सदस्य राजेंद्र चाचाण की रणनीति और संगठनात्मक सक्रियता के चलते कांग्रेस पल्लू पंचायत समिति में भी अपना प्रधान बनाने में सफल रही। नोहर और पल्लू दोनों पंचायत समितियों में कांग्रेस का परचम लहराना विधायक अमित चाचाण के लिए महत्वपूर्ण राजनीतिक उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।