नोहर में 900 प्रेगाबलिन कैप्सूल के साथ युवक गिरफ्तार, बाइक और फोन जब्त
| साहवा न्यू बाइपास पर गश्त के दौरान कार्रवाई; जिला कलक्टर के प्रतिबंध आदेश के तहत केस दर्ज कर सप्लाई नेटवर्क की जांच जारी।
हनुमानगढ़। नोहर में नशे के कैप्सूल की बड़ी खेप लेकर बिक्री की फिराक में खड़े एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। नोहर थाना पुलिस ने साहवा न्यू बाइपास पर कार्रवाई करते हुए आरोपी के कब्जे से प्रेगाबलिन आईपी-300 के 900 कैप्सूल बरामद किए। पुलिस ने कैप्सूल के साथ आरोपी की बाइक और मोबाइल फोन भी जब्त किया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, बुधवार को हेड कांस्टेबल रणधीर सिंह पुलिस जाप्ते के साथ नोहर थाना क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान चक राजासर तिराहे पर मुखबिर से सूचना मिली कि न्यू बाइपास पर काले रंग की बाइक लेकर एक युवक खड़ा है। उसके पास नशे के कैप्सूल हैं और वह उन्हें बेचने की फिराक में है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई।
पुलिस टीम रामा ईंट भट्ठे से आगे न्यू बाइपास पर पहुंची तो वहां काले रंग की बाइक के साथ एक युवक खड़ा दिखाई दिया। पुलिस वाहन को देखकर युवक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम रफीक उर्फ विक्की (35) पुत्र रसीद मोहम्मद काजी निवासी वार्ड नंबर 13, साहवा अड्डे के पास, नोहर बताया।
पुलिस ने युवक की बाइक पर लगे बैग की तलाशी ली तो उसमें काले रंग की मोमजामा थैली मिली। थैली के अंदर तीन डिब्बे रखे हुए थे। प्रत्येक डिब्बे में 20 पत्ते और प्रत्येक पत्ते में 15 कैप्सूल थे। इस तरह कुल 900 प्रेगाबलिन आईपी-300 कैप्सूल बरामद हुए। पुलिस ने आरोपी से कैप्सूल रखने के संबंध में लाइसेंस, परमिट और डॉक्टर की पर्ची मांगी, लेकिन वह कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सका।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह बुधवार दोपहर को नोहर की धक्का बस्ती निवासी सलीम से उक्त कैप्सूल खरीदकर लाया था। इसके बाद पुलिस ने कैप्सूल जब्त कर रफीक उर्फ विक्की को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की बाइक नंबर आरजे 49 एसके 8005 भी जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, जिला कलक्टर की ओर से 15 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश के तहत जिले की सीमा में प्रेगाबलिन आईपी-300 कैप्सूल और टैपेंटाडोल हाइड्रोक्लोराइड टैबलेट की खुली एवं अनियंत्रित बिक्री प्रतिबंधित की गई है। इसी आदेश की पालना में पुलिस ने यह कार्रवाई की।
प्रकरण का अनुसंधान सहायक उप निरीक्षक महेंद्र सिंह को सौंपा गया है। पुलिस आरोपी से कैप्सूल की खरीद और सप्लाई से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में हेड कांस्टेबल रणधीर सिंह, शिशपाल और कांस्टेबल ओमप्रकाश शामिल रहे। पुलिस अब बरामद कैप्सूल के स्रोत और उनकी सप्लाई से जुड़े पहलुओं की जांच में जुटी है।