नोहर में छठ पूजा की धूम, ढोल-नगाड़ों के साथ घाट पहुंचे पूर्वांचलवासी, डूबते सूर्य को दिया अर्घ्य
पूर्वांचल समाज के श्रद्धालुओं ने रामलीला बाड़ी मैदान और सरदारपुरा बास छठ घाट पर पारंपरिक अनुष्ठान के तहत डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया।
महिलाएं नोहर के छठ घाट पर पारंपरिक पूजा सामग्री के साथ सूर्य को अर्घ्य देती दिख रही हैं।
नोहर में लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा पर रविवार को श्रद्धा और भक्ति का अनूठा नजारा देखने को मिला। ढोल-नगाड़ों की गूंज और छठी मैया के जयकारों के बीच पूर्वांचल समाज के श्रद्धालु पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ छठ घाट पहुंचे और अस्त होते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
15 नवंबर को शहर के रामलीला बाड़ी मैदान और सरदारपुरा बास स्थित छठ घाट पर सुबह से ही धार्मिक उत्साह बना रहा। दोनों स्थानों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर छठी मैया की पूजा-अर्चना की। छठ पर्व को लेकर पूर्वांचल समाज के परिवारों में सुबह से ही तैयारियां और उत्साह नजर आया।
दोपहर बाद व्रती महिलाएं और पुरुष पारंपरिक वेशभूषा में पूजा सामग्री से सजे सूप और दउरा लेकर घाटों की ओर रवाना हुए। इस दौरान कई श्रद्धालु दंडवत करते हुए छठ घाट तक पहुंचे। ढोल-नगाड़ों की धुन और छठी मैया के जयकारों के बीच घाटों पर श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा।
घाटों पर पहुंचने के बाद व्रतियों ने फल, फूल, गन्ने और पारंपरिक प्रसाद के साथ सूर्यदेव की पूजा-अर्चना की। इसके बाद जल में खड़े होकर अस्त होते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। श्रद्धालुओं ने इस दौरान परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और खुशहाली की कामना की। छठी मैया के पारंपरिक गीतों से रामलीला बाड़ी मैदान और सरदारपुरा बास स्थित घाटों का वातावरण भक्तिमय बना रहा।
छठ पूजा के चार दिवसीय अनुष्ठान के क्रम में अब सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। इसके साथ ही व्रती सूर्यदेव की उपासना कर छठ पर्व की परंपरागत पूजा संपन्न करेंगे।