नोहर की श्री गौशाला का मुख्य द्वार दिख रहा है जहां गोपाष्टमी महोत्सव आयोजित होगा।

नोहर। गौसेवा, गोसंवर्धन और भारतीय संस्कृति के संरक्षण का संदेश देने के उद्देश्य से श्री गौशाला नोहर की ओर से 17 नवंबर मंगलवार को गोपाष्टमी महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। कार्तिक शुक्ल अष्टमी के पावन अवसर पर आयोजित होने वाले इस महोत्सव में दिनभर धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रम होंगे। आयोजन में ऋषिकेश से पधार रहे आनंद ब्रह्मचारी महाराज के प्रवचन विशेष आकर्षण रहेंगे। इसके साथ ही गौपूजन, गौ फेरी, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और गौदान की नई पहल के माध्यम से श्रद्धालु गौसेवा के कार्य में सहभागी बनेंगे।

श्री गौशाला के अध्यक्ष राजेंद्र थिरानी ने बताया कि महोत्सव का शुभारंभ सुबह 6 बजे गो पूजन एवं गौ फेरी के साथ होगा। दोपहर 1 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इसके बाद दोपहर 2 बजे से शाम 7 बजे तक सिरसा के नटराज ग्रुप की ओर से राधा-कृष्ण की आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी। दोपहर 2:30 बजे गौशाला का वार्षिक अधिवेशन आयोजित होगा, जबकि शाम 3 बजे श्री आनंद ब्रह्मचारी महाराज श्रद्धालुओं को प्रवचन देंगे।

गौशाला के मंत्री आनंद कंदोई ने बताया कि इस बार गोपाष्टमी महोत्सव के अवसर पर श्री गौशाला नोहर में गौदान की विशेष पहल शुरू की गई है। इसके तहत गौदान के लिए 3100 रुपए की पुण्य राशि निर्धारित की गई है। गौदान करने वाले श्रद्धालुओं को पूजन सामग्री गौशाला परिसर में ही उपलब्ध करवाई जाएगी। गौशाला परिवार ने अधिकाधिक लोगों से इस पुनीत कार्य में सहभागी बनने का आह्वान किया है।

गौसेवा के लिए सदैव तत्पर है गौशाला परिवार

श्री गौशाला परिवार ने बताया कि गौवंश को गौशाला में लाने और उनकी समुचित सेवा-सुश्रूषा करने के लिए संस्था हर समय तैयार है। महोत्सव के माध्यम से आमजन को गौसेवा, गोवंश संरक्षण और संवर्धन के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा।

गौमाता के प्रति श्रद्धा और सेवा भाव को समर्पित इस महोत्सव में शहर के साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के श्रद्धालुओं से भी अधिकाधिक संख्या में भाग लेने की अपील की गई है। 17 नवंबर को आयोजित होने वाला यह महोत्सव धार्मिक कार्यक्रमों के साथ गौदान की परंपरा को आगे बढ़ाने का अवसर भी बनेगा।

Tags: