हनुमानगढ़ पंचायत चुनाव मतगणना: प्रवेश और सुरक्षा के दिशा-निर्देश जारी
| राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में होने वाली मतगणना को पारदर्शी बनाने के लिए मोबाइल पर प्रतिबंध, जोनवार प्रवेश और बैठने की सख्त व्यवस्था की गई है।
हनुमानगढ़। पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए मतगणना 20 नवंबर को सुबह 8 बजे से होगी। हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में होने वाली मतगणना को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के अध्यक्षों एवं सचिवों, जिला परिषद सदस्य पद के अभ्यर्थियों और उनके निर्वाचन अभिकर्ताओं के लिए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए हैं। मतगणना स्थल पर प्रवेश से लेकर बैठने की व्यवस्था और गणना प्रक्रिया तक के लिए निर्धारित नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतगणना राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, संगरिया बाईपास रोड, हनुमानगढ़ जंक्शन में आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थियों, निर्वाचन अभिकर्ताओं और गणना अभिकर्ताओं को मतगणना भवन में प्रवेश पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय के मुख्य द्वार से दिया जाएगा। यहां से लगभग 200 मीटर पैदल चलकर राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज पहुंचना होगा। मतगणना भवन के भीतर मोबाइल फोन ले जाना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
अभ्यर्थियों और उनके अभिकर्ताओं के प्रवेश के लिए पंचायत समिति के निर्धारित समूहों के अनुसार व्यवस्था की गई है। इसके तहत संगरिया-रावतसर, पल्लू-टिब्बी, पीलीबंगा-हनुमानगढ़ जंक्शन, भादरा-राजपुरा 8 बीएचडी तथा नोहर-हनुमानगढ़ टाउन के लिए अलग-अलग साझा प्रवेश द्वार निर्धारित किए गए हैं।
मतगणना कक्ष में एक समय पर केवल उसी जिला परिषद या पंचायत समिति सदस्य निर्वाचन क्षेत्र (जोन) से संबंधित अभ्यर्थियों, निर्वाचन अभिकर्ताओं और गणना अभिकर्ताओं को प्रवेश मिलेगा, जिसकी मतगणना चल रही होगी। अन्य जोन के अभ्यर्थियों और उनके अभिकर्ताओं के लिए प्रवेश द्वार के समीप प्रतीक्षा स्थल पर बैठने की व्यवस्था रहेगी। संबंधित जोन की मतगणना की बारी आने पर सहायक रिटर्निंग अधिकारी की ओर से घोषणा की जाएगी। प्रत्येक राउंड की समाप्ति पर एआरओ टेबल से अभ्यर्थियों को प्राप्त मतों की घोषणा भी की जाएगी।
गणना अभिकर्ताओं को जारी पहचान बैज के आधार पर ही मतगणना कक्ष में प्रवेश दिया जाएगा। उन्हें आवंटित टेबल पर ही बैठना होगा। गणना के दौरान एक बार कक्ष छोड़ने के बाद दोबारा प्रवेश की अनुमति नहीं मिलेगी। प्रत्येक राउंड की गणना पूरी होने पर प्रारूप-14 ग (गणना का परिणाम) पर संबंधित टेबल पर मौजूद गणना अभिकर्ताओं के हस्ताक्षर करवाए जाएंगे।
मतगणना शुरू होने से पहले गणना अभिकर्ताओं को नियंत्रण यूनिट एवं कैरिंग बॉक्स पर लगी सीलों का निरीक्षण करने का अवसर दिया जाएगा। इसके साथ ही मतगणना ड्यूटी में नियोजित राजकीय अधिकारियों एवं कार्मिकों तथा मीडिया पर्सन के वाहनों की पार्किंग व्यवस्था डीएवी स्कूल के खेल मैदान में रहेगी।
मतगणना कक्ष में धूम्रपान पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। रिटर्निंग अधिकारी अथवा सहायक रिटर्निंग अधिकारी के वैधानिक निर्देशों का पालन नहीं करने या अनुचित व्यवहार करने वाले व्यक्ति को मतगणना कक्ष से बाहर किया जा सकेगा। मतगणना प्रारंभ होने से पहले उपस्थित व्यक्तियों को लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 128 के प्रावधानों की जानकारी भी दी जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारी की ओर से जारी इन दिशा-निर्देशों के तहत मतगणना स्थल पर प्रवेश, सुरक्षा, पारदर्शिता और गणना प्रक्रिया से जुड़ी व्यवस्थाएं निर्धारित की गई हैं।