हनुमानगढ़ में पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के चौथे चरण के मतदान से पहले जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियों की समीक्षा तेज कर दी है। इसी क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. खुशाल यादव एवं पुलिस अधीक्षक श्री बी. आदित्य ने रविवार को संगरिया एवं टिब्बी पंचायत समितियों के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बशीर, भाखरांवाली, पन्नीवाली, पीरकामड़िया सहित अन्य मतदान केंद्रों का अवलोकन किया। उन्होंने मतदान से संबंधित व्यवस्थाओं और सुरक्षा इंतजामों की बारीकी से समीक्षा करते हुए मौके पर तैयारियों का जायजा लिया।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। चौथे चरण के मतदान को लेकर किए गए इस निरीक्षण का उद्देश्य मतदान केंद्रों पर व्यवस्थाओं और सुरक्षा इंतजामों की स्थिति का आकलन करना रहा।

Tags: