नोहर के उपखंड अधिकारी कार्यालय में अर्धसैनिक आश्रित सहायता संस्था के सदस्य एसडीएम को ज्ञापन सौंपते हुए।

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के दच्छन क्षेत्र में आतंकी हमले में शहीद हुए दो पुलिस जवानों के पार्थिव शरीर को कथित तौर पर डंपर में ले जाने के मामले ने देशभर में विरोध के स्वर तेज कर दिए हैं। शहीद जवानों को अंतिम विदाई के दौरान सम्मानजनक व्यवस्थाएं नहीं मिलने के आरोपों के विरोध में बुधवार, 18 नवंबर को नोहर में अर्धसैनिक आश्रित सहायता संस्था के पदाधिकारियों और सदस्यों ने कैंडल मार्च निकालकर रोष जताया। साथ ही दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।

अर्धसैनिक आश्रित सहायता संस्था, नोहर के बैनर तले कैंडल मार्च शहीद-ए-आजम भगत सिंह चौक से उपखंड अधिकारी कार्यालय तक निकाला गया। हाथों में जलती मोमबत्तियां लेकर पहुंचे संस्था सदस्यों ने शहीद जवानों के सम्मान में नारे लगाए और प्रशासनिक व्यवस्था के प्रति नाराजगी जाहिर की। मार्च के समापन पर एसडीएम नोहर को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले में जवाबदेही तय करने की मांग की गई।

ज्ञापन में बताया गया कि जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के दच्छन क्षेत्र में आतंकी हमले के दौरान विशेष पुलिस अधिकारी (SPO) बाबी चंद (57) और रशपाल कुमार (45) शहीद हो गए थे। उनके पार्थिव शरीर पैतृक गांव कियार ले जाए जा रहे थे। इस दौरान कथित तौर पर सम्मानजनक शव वाहन और आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध नहीं करवाई गईं। परिजनों और ग्रामीणों के आरोपों के अनुसार, दोनों जवानों के पार्थिव शरीर बिना ताबूत के डंपर में ले जाए गए। यहां तक कि शवों को ढकने के लिए सफेद कपड़े की व्यवस्था भी ग्रामीणों को स्वयं करनी पड़ी। घटना के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की अनुपस्थिति को लेकर भी सवाल उठाए गए।

संस्था ने ज्ञापन के माध्यम से पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच करवाने की मांग की। साथ ही लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने तथा शहीद जवानों के परिजनों को उचित सम्मान और सहायता उपलब्ध करवाने की मांग उठाई।

कैंडल मार्च के दौरान वक्ताओं ने कहा कि देश की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाला प्रत्येक जवान राष्ट्र का गौरव है। शहीद सेना का हो, अर्धसैनिक बल का हो या पुलिस विभाग का, उसके पार्थिव शरीर को पूरे राजकीय सम्मान और गरिमापूर्ण तरीके से अंतिम विदाई देना शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी है। शहीदों के सम्मान में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार्य नहीं है।

संस्था ने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सभी सुरक्षा बलों के शहीद जवानों के पार्थिव शरीर के परिवहन और अंतिम संस्कार के दौरान सम्मानजनक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की मांग भी की।

इस दौरान संस्था अध्यक्ष बृजलाल गोदारा, उपाध्यक्ष हरीश गढ़वाल, सचिव अर्जुन सिंह, प्रचार मंत्री निहाल सिंह ढाका, प्रवक्ता विनोद बिजारणियां, प्रसार मंत्री कृष्ण बिजारणियां, ओमप्रकाश सहारण, धीरज नेहरा, विजेंद्र सहारण और श्यामसुंदर सहारण सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

संस्था पदाधिकारियों ने एक स्वर में कहा कि शहीदों का सम्मान राष्ट्र का सम्मान है और उनके सम्मान के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। संस्था ने पूरे मामले में निष्पक्ष जांच, जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई और भविष्य में सभी शहीद जवानों को सम्मानजनक अंतिम विदाई देने की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

Tags: