ऑपरेशन अमानत के तहत आरपीएफ कर्मी यात्री नैतिक ओझा को लैपटॉप व बैग सौंपते हुए, बाएं से दाएं क्रम में।

कोटा। ट्रेन से उतरने के बाद यात्री को जब अपना कीमती लैपटॉप और जरूरी सामान बैग सहित छूटने का पता चला, तो उसने तत्काल रेलवे से मदद मांगी। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की तत्परता से न केवल बैग बरामद हुआ, बल्कि उसमें रखा 1 लाख 17 हजार रुपये मूल्य का माइक्रोसॉफ्ट सरफेस लैपटॉप और पढ़ाई की किताबें भी सुरक्षित यात्री को वापस मिल गईं। यह कार्रवाई पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल में ऑपरेशन अमानत के तहत की गई।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ जैन ने बताया कि नैतिक ओझा गाड़ी संख्या 19038 से मुजफ्फरपुर से कोटा की यात्रा कर रहे थे। इस दौरान वे कोच बी-3 की बर्थ संख्या 20 पर अपना पिट्ठू बैग भूलवश छोड़ गए। कोटा स्टेशन पर ट्रेन से उतरने के बाद उन्हें बैग छूटने का पता चला। इसके बाद उन्होंने तत्काल रेल मदद हेल्पलाइन 139 पर शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत मिलने के बाद रामगंज मंडी स्टेशन पर तैनात आरपीएफ महिला आरक्षक अर्चना गौतम सक्रिय हुईं। ट्रेन के रामगंज मंडी स्टेशन पहुंचने पर उन्होंने तत्परता से बैग की तलाश की और उसे खोजकर सुरक्षित आरपीएफ पोस्ट पहुंचाया। बैग की जांच करने पर उसमें 1.17 लाख रुपये मूल्य का माइक्रोसॉफ्ट सरफेस लैपटॉप और पढ़ाई की किताबें मिलीं।

इसके बाद यात्री के आरपीएफ पोस्ट पहुंचने पर आवश्यक पहचान एवं सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की गई। पुष्टि होने के बाद बैग सहित उसमें रखा समस्त सामान सुरक्षित नैतिक ओझा को सुपुर्द कर दिया गया।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे रेल यात्रा के दौरान अपने सामान का विशेष ध्यान रखें। यदि ट्रेन में कोई सामान छूट जाता है, तो इसकी सूचना तत्काल रेल मदद हेल्पलाइन 139 पर दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

Tags: