सवाई माधोपुर के वजीरपुर उपखंड में पंचायत राज आम चुनाव 2026 के लिए स्वीप अभियान के तहत आयोजित मतदाता जागरूकता कार्यशाला।

सवाई माधोपुर जिले के उपखंड वजीरपुर में पंचायत राज चुनाव 2026 को लेकर मतदाता जागरूकता अभियान के तहत ग्रामीण विद्यार्थियों की अभ्यास पुस्तिकाओं पर विशेष मोहर लगाई जा रही है। इस पहल के जरिए विद्यार्थियों और उनके परिवारों तक निर्भय, निष्पक्ष और नैतिक मतदान का संदेश पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

पंचायत राज चुनाव 2026 के अंतर्गत उपखंड वजीरपुर में निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (पंचायत) एवं एसडीएम महिपाल सिंह के निर्देशानुसार मतदाता जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। सोहन लाल गुप्ता, उप प्रधानाचार्य एवं स्वीप प्रभारी वजीरपुर, तथा नरेश सिसोदिया ने उपखंड के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालयों में मतदाता जागरूकता कार्यशालाओं का आयोजन किया।

इन कार्यशालाओं का आयोजन श्यारोली में प्रभू लाल बैरवा और गिरीश गुप्ता, पीलोदा में कैलाश चंद्र गुप्ता और नीरज कुमार शर्मा, छोटी उदेई में धर्मवीर मंडावत, जिवली में रामकेश बैरवा, बडोली में सत्यप्रकाश मीणा तथा रायपुर में भवानी शंकर जी के नेतृत्व में किया गया।

कार्यशाला के दौरान प्रधानाचार्य प्रभू लाल बैरवा ने बताया कि जनवरी 2027 में 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले मतदाता भी अपना फॉर्म भर सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को नोटा के महत्व के बारे में भी जानकारी दी।

स्वीप प्रभारी एवं उप प्रधानाचार्य सोहन लाल गुप्ता ने बताया कि पंचायत राज आम चुनाव 2026 के मद्देनजर जिले में स्वीप (SVEEP) गतिविधियों के तहत मतदाता जागरूकता अभियान को नया रूप दिया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशानुसार निर्भय, निष्पक्ष और नैतिक मतदान का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के लिए यह अभिनव पहल शुरू की गई है।

अभियान के तहत जिले के समस्त ग्रामीण उच्च माध्यमिक विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं की अभ्यास पुस्तिकाओं पर मतदाता जागरूकता की विशेष मोहर लगाई गई है। इस मोहर पर सवाई माधोपुर जिले के प्रतीक रणथंभौर दुर्ग और बाघ के साथ निर्भय-निष्पक्ष-नैतिक मतदान का संदेश अंकित किया गया है।

नरेश सिसोदिया ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य युवा मतदाताओं के साथ उनके परिवारों को भी मतदान के प्रति जागरूक करना है। विद्यार्थी जब प्रतिदिन अपनी अभ्यास पुस्तिका खोलेंगे, तो उन्हें मतदान का महत्व याद आएगा। इसके साथ ही वे अपने घरों में बड़े-बुजुर्गों को भी मतदान के लिए प्रेरित कर सकेंगे।

अभियान का लोगो भी जिले की पहचान को दर्शाता है। इसमें सवाई माधोपुर जिले का नक्शा, टाइगर, किला और मतदान की स्याही लगी उंगली को शामिल किया गया है। अभ्यास पुस्तिकाओं पर लगाई जा रही यह विशेष मोहर विद्यार्थियों के माध्यम से मतदान जागरूकता का संदेश घर-घर तक पहुंचाने की पहल का हिस्सा है।

Tags: