हिंडौन सिटी के राष्ट्रीय पार्क के दिन बहुरेंगे, नगर परिषद ने दिए सुधार के निर्देश
जलसेन के पास स्थित ऐतिहासिक पार्क में हाईमास्ट लाइट, सफाई और जल भराव रोकने के लिए मिट्टी भराई का कार्य जल्द शुरू होगा।
हिंडौन सिटी के जलसेन स्थित राष्ट्रीय पार्क का निरीक्षण करने पहुंचे नगर परिषद सभापति विजय चतुर्वेदी का स्वागत करते पार्क विकास समिति के पदाधिकारी।
हिंडौन सिटी के जलसेन के पास स्थित राष्ट्रीय पार्क की बदहाल स्थिति को लेकर अब नगर परिषद ने सुधार के प्रयासों का आश्वासन दिया है। गुरुवार को नगर परिषद सभापति विजय चतुर्वेदी और पार्षदों ने पार्क का निरीक्षण किया। इस दौरान पार्क विकास समिति के पदाधिकारियों ने नियमित सफाई, देखरेख और शहर की इस प्रमुख विरासत को संरक्षित करने की मांग उठाई। सभापति ने पार्क में हाईमास्ट लाइट लगाने सहित सफाई, पौधों के रखरखाव और सौन्दर्यीकरण के कार्य कराने का भरोसा दिलाया।
नगर परिषद सभापति विजय चतुर्वेदी के साथ सभापति प्रतिनिधि दिलीप चतुर्वेदी, पूर्व प्रतिपक्ष नेता बलवीर चतुर्वेदी, पार्षद महेश टोडूपुरा, रमेश चंद कल्ला, शाकिर खान, राधामोहन पाठक, पार्षद प्रतिनिधि पारूल बागरैनिया और फारूक कुरैशी सहित अन्य लोग गुरुवार सुबह करीब 7.30 बजे जलसेन के पास स्थित राष्ट्रीय पार्क पहुंचे।
पार्क विकास समिति की ओर से सभी जनप्रतिनिधियों का माला और साफा पहनाकर अभिनंदन किया गया। इस दौरान समिति के संरक्षक दिलीप बैद, दिनेश लोढी, अनिल गोयल, दीनदयाल सारस्वत, अध्यक्ष निरंजन शर्मा, कल्याण प्रसाद शर्मा उर्फ कल्ला गुरू, विजय कुमार, छैलबिहारी पाठक, पूर्व पार्षद मुनीम खां, रविन्द्र जैतवाल, कलुआ सारस्वत, हरि सोनी, लोकेश दत्तात्रेय, पूरन शर्मा, सुबोध जैन, मुकेश भगत, प्रदीप कुमार, हरीश गेरा और दीनदयाल सोनी सहित कई प्रमुख लोग मौजूद रहे। बंटी गुप्ता सहित अन्य लोगों ने भी इस दौरान सहभागिता निभाई।
पार्क विकास समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने जनप्रतिनिधियों को राष्ट्रीय पार्क की बदतर हालत से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि नियमित सफाई और देखरेख के अभाव में पार्क की स्थिति प्रभावित हो रही है। समिति ने इसे हिंडौन की प्रमुख विरासत बताते हुए इसके संरक्षण और व्यवस्थित रखरखाव की पुरजोर मांग रखी।
समिति की मांग पर नगर परिषद सभापति विजय चतुर्वेदी ने पार्क के मध्य हाईमास्ट लाइट लगवाने का आश्वासन दिया, जिससे यहां रोशनी की व्यवस्था की जा सके। उन्होंने नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के साथ पौधों और घास के रखरखाव तथा उनकी देखभाल के कार्य प्राथमिकता से कराने की बात कही।
सभापति ने पार्क में जलसेन के पानी का रिसाव रोकने के लिए मिट्टी भराव कराने का भी आश्वासन दिया। इसके अलावा सूखे पेड़ों को हटाकर छायादार पौधे लगाए जाएंगे और पार्क में सौन्दर्यीकरण के विभिन्न कार्य कराए जाएंगे। पार्क परिसर में मौजूद कुएं के पानी को स्वच्छ कराकर पेयजल के रूप में उसका सदुपयोग करने की व्यवस्था करने की बात भी कही गई।
राष्ट्रीय पार्क परिसर में मौजूद पुस्तकालय को सुचारू रूप से संचालित करने के प्रयास किए जाने का आश्वासन भी दिया गया। इन घोषणाओं के बाद पार्क विकास समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने सभापति विजय चतुर्वेदी, दिलीप चतुर्वेदी तथा उपस्थित पार्षदों का आभार व्यक्त किया। अब पार्क में रोशनी, स्वच्छता, हरियाली, जल रिसाव रोकने और पुस्तकालय को सुचारू करने से जुड़े प्रस्तावित कार्यों के माध्यम से हिंडौन की इस प्रमुख विरासत की स्थिति सुधारने की उम्मीद जताई जा रही है।