कोटा रेलवे स्टेशन पर विशेष अभियान 6.0 के तहत मंडल रेल प्रबंधक अनिल कालरा रेल यात्रियों से संवाद कर फीडबैक लेते हुए।   

कोटा। पश्चिम मध्य रेल के कोटा मंडल के 105 रेलवे स्टेशनों पर गुरुवार, 22 अक्टूबर 2026 को विशेष अभियान 6.0 के अंतर्गत राष्ट्रव्यापी रेल जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान रेलवे के नामित अधिकारियों ने यात्रियों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं, सुझाव और फीडबैक प्राप्त किए। यात्री सुविधाओं, स्वच्छता, सुरक्षा और रेल सेवाओं में सुधार से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई। कोटा रेलवे स्टेशन पर मंडल रेल प्रबंधक अनिल कालरा ने यात्रियों, रेलकर्मियों और मीडिया प्रतिनिधियों से संवाद कर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के सुझाव लिए।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि कोटा रेलवे स्टेशन के नवनिर्मित प्रस्थान हॉल में मंडल रेल प्रबंधक अनिल कालरा की अध्यक्षता में रेल जन संवाद आयोजित किया गया। इसमें यात्रियों ने रेलवे की सुविधाओं, स्टेशन की व्यवस्थाओं और रेल सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए अपने अनुभव साझा किए तथा सुझाव दिए। मंडल रेल प्रबंधक ने यात्रियों की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

कार्यक्रम के दौरान अनिल कालरा ने स्टेशन के प्लेटफॉर्मों और ट्रेनों में भी यात्रियों से सीधे बातचीत की। उन्होंने रेलवे की कार्यप्रणाली, उपलब्ध यात्री सुविधाओं और सेवाओं के संबंध में यात्रियों का फीडबैक लिया तथा सुधार के लिए सुझाव प्राप्त किए।

इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक ललित कुमार धुरंधर, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक विनोद कुमार मीणा, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर अक्षत पुंजलोत, मंडल अभियंता (पूर्व) सुनील सागित्रा, मंडल यांत्रिक अभियंता मोक्षक गौतम और स्टेशन निदेशक शशिभूषण शर्मा सहित अन्य अधिकारी, पर्यवेक्षक एवं रेल यात्री उपस्थित रहे। अपर मंडल रेल प्रबंधक योगेश कुमार मित्तल ने रामगंज मंडी तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बारां में रेल जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया।

विशेष अभियान 6.0 के तहत बयाना, भरतपुर, बूंदी, गंगापुर सिटी, सवाई माधोपुर, रामगंज मंडी, भवानी मंडी, विक्रमगढ़ आलोट, शामगढ़ और बारां सहित कोटा मंडल के अन्य रेलवे स्टेशनों पर भी नामित अधिकारियों ने यात्रियों से संवाद किया। इस दौरान स्टेशन सुविधाओं, साफ-सफाई, यात्री सुरक्षा और रेल परिचालन से संबंधित सुझाव प्राप्त किए गए। अधिकारियों ने रेलवे स्टेशनों एवं रेल कॉलोनियों का निरीक्षण कर स्वच्छता और उपलब्ध सुविधाओं की स्थिति का जायजा भी लिया।

रेल जन संवाद के दौरान यात्रियों से प्राप्त सुझावों और समस्याओं को उनके समाधान की प्रकृति के अनुसार अल्पकालीन, मध्यकालीन और दीर्घकालीन श्रेणियों में वर्गीकृत कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। जिन समस्याओं का समाधान तत्काल किया जा सकता है, उनके मौके पर ही निराकरण को प्राथमिकता दी गई।

यात्रियों के साथ संवाद के बाद मंडल रेल प्रबंधक अनिल कालरा ने कोटा स्टेशन पर रेलवे कर्मचारियों से भी बातचीत की। उन्होंने कर्मचारियों से रेलवे की कार्यप्रणाली और व्यवस्थाओं में सुधार से संबंधित सुझाव प्राप्त किए।

इसके बाद स्टेशन निदेशक कक्ष में मंडल रेल प्रबंधक की अध्यक्षता में मीडिया प्रतिनिधियों के साथ विशेष संवाद आयोजित किया गया। इसमें मीडिया को कोटा मंडल में विशेष अभियान 6.0 के तहत चल रही गतिविधियों की जानकारी दी गई। इनमें स्वच्छता, ई-वेस्ट प्रबंधन, अनुपयोगी सामग्री का निस्तारण, यात्री सुविधाएं और जनभागीदारी से जुड़े कार्य शामिल रहे। मीडिया प्रतिनिधियों ने भी रेलवे सेवाओं और यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए अपने सुझाव साझा किए।

मंडल रेल प्रबंधक अनिल कालरा ने कहा कि यात्रियों, रेलकर्मियों और मीडिया प्रतिनिधियों से प्राप्त सकारात्मक सुझाव रेलवे की कार्यप्रणाली में सुधार के लिए महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि रेल जन संवाद जैसी पहल से रेलवे प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संपर्क बढ़ेगा तथा सेवाओं को अधिक यात्री-केंद्रित बनाने में सहायता मिलेगी। कोटा मंडल में 105 रेलवे स्टेशनों पर आयोजित इस अभियान के माध्यम से यात्रियों की समस्याओं और सुझावों को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने तथा सुविधाओं में सुधार के लिए आवश्यक कार्रवाई का रास्ता तैयार किया गया।

Tags: