गंगापुर सिटी के बाजार में सभापति कृष्ण कुमार गोयल की मौजूदगी में सफाई कर्मचारी नाले की सफाई कर रहे हैं।

गंगापुर सिटी को जलभराव की समस्या से राहत दिलाने और स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर परिषद ने शहरभर में नालों की सफाई का विशेष अभियान शुरू किया है। सभापति कृष्ण कुमार गोयल (कुबेर) की पहल पर गठित विशेष सफाई टीम पूरे शहर में नालों की सफाई का कार्य निरंतर करेगी।

सभापति कृष्ण कुमार गोयल ने शहरवासियों से अपील की है कि जिन लोगों ने नालों के ऊपर पट्टियां, जाल, रैंप अथवा अन्य किसी प्रकार के अवरोध रखे हुए हैं, वे उन्हें स्वयं हटा लें। इससे सफाई कार्य सुचारू रूप से हो सकेगा और सफाई कर्मचारियों को काम करने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।

उन्होंने कहा कि नगर परिषद शहर की स्वच्छता और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए पूरी निष्ठा से काम कर रही है। हालांकि, इस अभियान को सफल बनाने के लिए शहरवासियों का सहयोग भी जरूरी है। उन्होंने आमजन से स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और नालों की सफाई के दौरान नगर परिषद की टीम को सहयोग देने का आह्वान किया।

सभापति ने कहा कि नगर परिषद का लक्ष्य स्वच्छ गंगापुर, स्वस्थ गंगापुर के संकल्प को साकार करना है। विशेष सफाई अभियान के माध्यम से शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के साथ नालों की सफाई सुनिश्चित कर जलभराव की समस्या से राहत दिलाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। अभियान को प्रभावी बनाने के लिए नगर परिषद ने शहरवासियों से भी जिम्मेदारी निभाने की अपील की है।

Tags: