टोडाभीम: कंचनबाई मीना ने जारी किया 5 सूत्रीय विकास एजेंडा
स्वास्थ्य, शिक्षा, फ्लोराइड मुक्त पेयजल और पारदर्शी प्रशासन के लिए प्रत्येक वार्ड में विकास समिति गठित कर बिना भेदभाव समग्र विकास का रखा लक्ष्य।
टोडाभीम। बौल-भोलू की कोठी ग्राम पंचायत को आत्मनिर्भर, विकसित और सर्वसुविधायुक्त बनाने का संकल्प लेकर सरपंच पद की प्रत्याशी कंचनबाई मीना ने अपना 5 सूत्रीय चुनावी विकास एजेंडा जारी किया है। इसमें स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, सड़क, बिजली और पारदर्शी प्रशासन को प्राथमिकता देते हुए पंचायत के समग्र विकास की रूपरेखा प्रस्तुत की गई है। उन्होंने सभी वार्डों में बिना किसी भेदभाव और पक्षपात के समान रूप से विकास कार्य करवाने का वादा किया है।
कंचनबाई मीना के विकास संकल्प में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में 24 घंटे चिकित्सा सुविधा, आपातकालीन एंबुलेंस और निःशुल्क दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करवाने के प्रयास शामिल हैं। इसके साथ ही आधुनिक पशु चिकित्सा सुविधाएं विकसित करने और पंचायत क्षेत्र में नशामुक्ति अभियान चलाने का भी संकल्प जताया गया है।
शिक्षा और युवाओं के भविष्य को ध्यान में रखते हुए पंचायत में पॉलीटेक्निक कॉलेज खुलवाने तथा 24 घंटे इंटरनेट सुविधा से युक्त डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित करवाने की बात कही गई है। युवाओं के लिए खेल मैदान, तकनीकी प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर विकसित करने को भी विकास एजेंडे में शामिल किया गया है।
पेयजल और स्वच्छता के क्षेत्र में प्रत्येक घर तक फ्लोराइड मुक्त शुद्ध पानी पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा बंद पड़े पानी के टैंकों की मरम्मत करवाकर उन्हें दोबारा चालू कराने और सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने का संकल्प लिया गया है।
बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के तहत जलभराव वाले क्षेत्रों में स्थायी जल निकासी व्यवस्था विकसित करने, सभी वार्डों की गलियों और रास्तों को पक्का करवाने तथा अतिक्रमण हटवाने का वादा किया गया है। बिजली व्यवस्था में सुधार, भूमिगत केबल बिछवाने और नियमित बस परिवहन सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए भी प्रयास करने की बात कही गई है।
प्रशासनिक पारदर्शिता और जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक वार्ड में 6 सदस्यीय विकास समिति गठित करने का प्रस्ताव रखा गया है। इसके साथ ही पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने, सहकारी बैंक शाखा और सामुदायिक भवन खुलवाने के प्रयास करने का संकल्प शामिल है।
कंचनबाई मीना ने विकास कार्यों के लिए सीएसआर फंड का उपयोग कर अतिरिक्त सुविधाएं विकसित करवाने, पूर्व में हुए भ्रष्टाचार की उच्चस्तरीय जांच की मांग उठाने तथा धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों के संरक्षण एवं जीर्णोद्धार को प्राथमिकता देने की बात भी कही है।
अपने चुनावी संकल्प को लेकर कंचनबाई मीना ने स्पष्ट किया कि पंचायत में न भेदभाव होगा और न पक्षपात। जनभागीदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही के आधार पर प्रत्येक वार्ड का समान विकास करवाने का प्रयास किया जाएगा। स्वास्थ्य, शिक्षा से लेकर बुनियादी सुविधाओं और प्रशासनिक व्यवस्था तक व्यापक बदलाव के इन वादों के जरिए बौल-भोलू की कोठी ग्राम पंचायत को विकास की नई दिशा देने का लक्ष्य रखा गया है।