कोटा रेलवे स्टेशन पर जेबकतरी की कोशिश करते शातिर आरोपी को RPF ने पकड़ा, 11 केस दर्ज
कोटा रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की जेब टटोलते एक संदिग्ध को आरपीएफ ने पकड़कर 80 हजार रुपये के दो चोरी के मोबाइल बरामद किए। जांच में आरोपी बनवारी लाल के खिलाफ वर्ष 2018 से 2024 के बीच दर्ज 11 आपराधिक मामलों का रिकॉर्ड सामने आया।
तस्वीर में कोटा रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ जवानों द्वारा पकड़ा गया शातिर जेबकतरा आरोपी नजर आ रहा है।
कोटा रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की जेब काटने की कोशिश कर रहे एक शातिर संदिग्ध को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने पकड़ लिया। आरोपी के पास से करीब 80 हजार रुपये मूल्य के चोरी के दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। जांच में उसके खिलाफ चोरी, नकबजनी सहित विभिन्न अपराधों के 11 मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि 13 नवंबर को शाम करीब 4:10 बजे कोटा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या एक स्थित बुकिंग मुसाफिरखाने में आरपीएफ की टीम निगरानी कर रही थी। इसी दौरान एक व्यक्ति यात्रियों की जेबों में हाथ डालने का प्रयास करता दिखाई दिया। उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर आरपीएफ जवानों ने उसका पीछा किया और मौके पर ही पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी के इरादे से यात्रियों की जेब टटोलने की बात स्वीकार की।
पकड़े गए व्यक्ति की पहचान बनवारी लाल (30 वर्ष), निवासी जिला बारां के रूप में हुई। उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच करने पर पता चला कि वर्ष 2018 से 2024 के बीच कोटा और बारां के विभिन्न थानों में उसके खिलाफ चोरी, नकबजनी सहित अन्य अपराधों के कुल 11 मामले दर्ज हैं। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी के दो मोबाइल फोन बरामद हुए, जिनकी कीमत लगभग 80 हजार रुपये बताई गई है।
यह कार्रवाई आरपीएफ की ओर से चलाए जा रहे 'ऑपरेशन यात्री सुरक्षा' के तहत की गई। अभियान के दौरान आरपीएफ उपनिरीक्षक सूरज सिंह, सहायक उपनिरीक्षक कुलदीप शुक्ला तथा कांस्टेबल दीपक और सीताराम की टीम ने आरोपी को पकड़ा। इसके बाद उसे आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी), कोटा को सौंप दिया गया।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से स्टेशन परिसर और रेल यात्रा के दौरान मोबाइल फोन, नकदी तथा अन्य कीमती सामान को लेकर सतर्क रहने की अपील की है। साथ ही किसी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल रेलवे सुरक्षा बल अथवा रेल मदद हेल्पलाइन 139 पर देने का आग्रह किया है।