मधुमेह यानी डायबिटीज तेजी से गंभीर सार्वजनिक स्वास्थ्य चुनौती बनती जा रही है। यह बीमारी शरीर में धीरे-धीरे प्रवेश कर हृदय, गुर्दे, आंखों, मस्तिष्क और तंत्रिकाओं को प्रभावित कर सकती है। सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि बड़ी संख्या में लोग वर्षों तक इस बीमारी से अनजान रहते हैं। जब तक मधुमेह की पहचान होती है, तब तक शरीर में कई गंभीर जटिलताएं विकसित हो चुकी होती हैं। ऐसे में समय पर जांच, शीघ्र उपचार और अनुशासित जीवनशैली अपनाना बेहद महत्वपूर्ण है।

हर वर्ष 14 नवंबर को विश्व मधुमेह दिवस मनाया जाता है। वर्ष 2026 की अंतरराष्ट्रीय थीम 'Early Action on Diabetes' यानी मधुमेह पर समय रहते कार्रवाई है। इसका उद्देश्य मधुमेह की शीघ्र पहचान, समय पर उपचार और टाइप-2 मधुमेह की रोकथाम के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना है।

भारत उन देशों में शामिल है, जहां मधुमेह की चुनौती लगातार गंभीर होती जा रही है। बदलती जीवनशैली, शारीरिक गतिविधियों में कमी, खानपान की आदतों में बदलाव, बढ़ता मोटापा, मानसिक तनाव और पर्याप्त नींद का अभाव इस समस्या को और बढ़ा रहे हैं। पहले मधुमेह को अधिक उम्र के लोगों की बीमारी माना जाता था, लेकिन अब युवा वर्ग और कम उम्र के लोगों में भी इसके मामले सामने आ रहे हैं।

चिंता का एक बड़ा कारण नियमित स्वास्थ्य जांच के प्रति लोगों की उदासीनता भी है। अनेक लोग किसी शारीरिक परेशानी के अभाव को पूरी तरह स्वस्थ होने का प्रमाण मान लेते हैं, जबकि मधुमेह लंबे समय तक बिना किसी स्पष्ट लक्षण के भी मौजूद रह सकता है।

बार-बार प्यास लगना, बार-बार पेशाब आना, अत्यधिक भूख लगना, बिना प्रयास वजन कम होना, थकान, धुंधला दिखाई देना और घाव भरने में देरी होना मधुमेह के प्रमुख लक्षण हो सकते हैं। हालांकि, यह जरूरी नहीं कि प्रत्येक मरीज में ये सभी लक्षण दिखाई दें। कई बार सामान्य स्वास्थ्य जांच के दौरान ही बीमारी का पता चलता है। इसलिए 30 वर्ष की आयु के बाद नियमित रूप से ब्लड शुगर की जांच करवाना विशेष रूप से उपयोगी है।

जिन लोगों के परिवार में मधुमेह का इतिहास है, जिनका वजन अधिक है, पेट के आसपास चर्बी जमा है, शारीरिक गतिविधियां कम हैं अथवा जो उच्च रक्तचाप या असामान्य कोलेस्ट्रॉल की समस्या से जूझ रहे हैं, उन्हें 30 वर्ष की आयु से पहले भी जांच करवानी चाहिए।

मधुमेह से पहले की स्थिति को प्री-डायबिटीज कहा जाता है। इसमें रक्त में ग्लूकोज का स्तर सामान्य से अधिक होता है, लेकिन मधुमेह की निर्धारित सीमा तक नहीं पहुंचता। यह शरीर की ओर से मिलने वाली चेतावनी है। इस अवस्था में संतुलित खानपान, नियमित व्यायाम और वजन कम करने के माध्यम से मधुमेह का खतरा काफी हद तक घटाया जा सकता है अथवा बीमारी की शुरुआत को टाला जा सकता है।

मधुमेह से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय स्वस्थ जीवनशैली अपनाना है। इसके लिए प्रतिदिन कम से कम 30-45 मिनट तेज चाल से पैदल चलना अथवा अन्य शारीरिक गतिविधियां करना आवश्यक है। भोजन में हरी सब्जियां, सलाद, साबुत अनाज, दालें और फाइबर युक्त खाद्य पदार्थों को शामिल करना चाहिए। मीठे पेय पदार्थों, कोल्ड ड्रिंक, अत्यधिक चीनी, मैदा और तले हुए खाद्य पदार्थों का सेवन कम करना चाहिए। शरीर का वजन और विशेष रूप से पेट के आसपास जमा चर्बी नियंत्रित रखना भी जरूरी है।

इसके साथ ही प्रतिदिन पर्याप्त नींद लेने, मानसिक तनाव नियंत्रित रखने तथा तंबाकू और धूम्रपान से पूरी तरह दूरी बनाने पर ध्यान देना चाहिए। नियमित रूप से ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर और कोलेस्ट्रॉल की जांच करवाना भी स्वस्थ जीवनशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

मधुमेह की सही पहचान, नियमित जांच और अनुशासित जीवनशैली के साथ इस बीमारी से पीड़ित व्यक्ति भी स्वस्थ एवं सक्रिय जीवन जी सकता है। हालांकि, मरीजों को केवल ब्लड शुगर नियंत्रित रखने तक सीमित नहीं रहना चाहिए। हृदय रोग, किडनी की बीमारी, आंखों की रेटिनोपैथी और पैरों की नसों एवं रक्त संचार से जुड़ी समस्याओं की नियमित जांच भी जरूरी है।

HbA1c, ब्लड प्रेशर, लिपिड प्रोफाइल, किडनी फंक्शन, यूरिन एल्ब्यूमिन और आंखों की जांच मधुमेह के उपचार का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इन जांचों के माध्यम से बीमारी से जुड़ी संभावित जटिलताओं पर नजर रखी जा सकती है।

चिकित्सा विज्ञान में मधुमेह के उपचार के लिए कई प्रभावी दवाएं उपलब्ध हैं। मरीज की उम्र, वजन, किडनी और हृदय की स्थिति तथा अन्य बीमारियों को ध्यान में रखते हुए उपचार निर्धारित किया जाता है। कुछ मरीजों को इंसुलिन की आवश्यकता भी होती है। विशेष रूप से टाइप-1 डायबिटीज में इंसुलिन जीवनरक्षक उपचार है। मरीजों को चिकित्सकीय सलाह के बिना दवाएं बंद नहीं करनी चाहिए और न ही स्वयं उपचार में कोई बदलाव करना चाहिए।

मधुमेह केवल मरीज की व्यक्तिगत समस्या नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज से जुड़ा स्वास्थ्य विषय है। परिवार में किसी एक व्यक्ति को मधुमेह होने पर अन्य सदस्यों को भी अपनी जीवनशैली और स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूक रहना चाहिए। स्कूलों, कॉलेजों, कार्यस्थलों और ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित स्वास्थ्य जांच तथा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाने चाहिए।

विश्व मधुमेह दिवस का संदेश स्पष्ट है कि इस बीमारी के खिलाफ लड़ाई केवल अस्पतालों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसकी शुरुआत घर, रसोई, दिनचर्या और जीवनशैली से होती है। बीमारी के लक्षण सामने आने का इंतजार करने के बजाय समय रहते जांच करवाना जरूरी है। आज बरती गई छोटी-सी सावधानी भविष्य में गंभीर स्वास्थ्य जटिलताओं से बचा सकती है।

विश्व मधुमेह दिवस पर स्वयं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, परिवार को जागरूक करने और समाज में नियमित जांच एवं समय पर उपचार का संदेश पहुंचाने का संकल्प ही मधुमेह के खिलाफ प्रभावी कदम साबित हो सकता है।

दिनांक : 13-11-2026

डॉ. सुमीत गर्ग

एम.बी.बी.एस., एम.डी. जनरल मेडिसिन

फेलो ऑफ इंटरनेशनल डायबिटीज फेडरेशन

फेलो ऑफ आर.एस.एस.डी.आई.

फेलो ऑफ डायबिटीज इंडिया

Tags: