डीग हत्याकांड और मकराना की गिरफ्तारी पर सवर्ण समाज ने सीएम को सौंपा ज्ञापन
गंगापुर सिटी में सवर्ण समाज संघर्ष समिति ने उपखंड अधिकारी के माध्यम से पीड़ित परिवार को एक करोड़ मुआवजा, सरकारी नौकरी और निष्पक्ष जांच की मांग रखी।
गंगापुर सिटी में गुरुवार को सवर्ण समाज संघर्ष समिति के सदस्यों ने उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
गंगापुर सिटी। डीग जिले के सुंदरावली गांव में बृजेश शर्मा की हत्या और उनके परिजनों पर हुए हमले के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। इस घटना को लेकर सवर्ण समाज संघर्ष समिति ने गुरुवार को उपखंड अधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग उठाई। समिति ने मध्य प्रदेश में महिपाल सिंह मकराना की गिरफ्तारी के मामले में भी राजस्थान सरकार से हस्तक्षेप की मांग की।
समिति ने ज्ञापन में आरोप लगाया कि सुंदरावली (ब्रजनगर) में अपनी इच्छा से मतदान करने के कारण बृजेश शर्मा की हत्या कर दी गई और उनके परिवार के सदस्यों को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। समिति ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, हत्याकांड में शामिल दोषियों को गिरफ्तार करने तथा दोषी अधिकारियों को बर्खास्त करने की मांग की।
ज्ञापन में पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता देने और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी प्रदान करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। समिति ने कहा कि मामले में निष्पक्ष जांच के साथ दोषियों और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।
वहीं, मध्य प्रदेश में महिपाल सिंह मकराना की गिरफ्तारी का मुद्दा भी ज्ञापन में शामिल रहा। समिति ने राजस्थान के मुख्यमंत्री से इस मामले में हस्तक्षेप करने और मध्य प्रदेश सरकार से आधिकारिक स्तर पर बातचीत करने का आग्रह किया। साथ ही गिरफ्तारी की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई।
समिति ने ज्ञापन में यह भी कहा कि यदि किसी अधिकारी ने अपने पद का दुरुपयोग किया है या कानूनी प्रक्रिया का उल्लंघन किया है तो उसके खिलाफ कानूनी एवं विभागीय कार्रवाई की जाए। इसके अलावा महिपाल सिंह मकराना के कानूनी अधिकारों और सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग भी रखी गई।
ज्ञापन सौंपने के दौरान चंद्र प्रकाश पाराशर, हेमेंद्र बोहरा, घनश्याम मिश्र, प्रहलाद शर्मा, महेश शर्मा, महेंद्र गर्ग, सत्यव्रत समाधिया, डॉ. अनुज शर्मा, श्याम सेवा, गोविंद शर्मा, रामचरण बोहरा, विकास शुक्ला, दीपक कृष्ण शास्त्री, विकास सहित दर्जनों लोग मौजूद रहे। समिति ने दोनों मामलों में निष्पक्ष जांच, कानूनी कार्रवाई और पीड़ित पक्षों के अधिकारों की सुरक्षा को लेकर सरकार से हस्तक्षेप की मांग की।