गंगापुर सिटी में पदयात्रा रवानगी से पूर्व सीताराम मंदिर में पूजा करते पदाधिकारी व श्रद्धालु।

गंगापुर सिटी में मां कैला देवी के जयकारों और भजन-कीर्तन के बीच रविवार को मां कैला देवी संस्थान के तत्वावधान में निशुल्क पदयात्रा रवाना हुई। सीताराम मंदिर से दोपहर 2:00 बजे विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद बैंड-बाजे के साथ पदयात्रा नगर भ्रमण करते हुए मां कैला देवी के लिए रवाना हुई। पदयात्रा के मार्ग में चैनपुर बालाजी पर भजन संध्या और बिजली घर के पास खीर प्रसादी वितरण का आयोजन होगा।

पदयात्रा रवाना होने से पूर्व सीताराम मंदिर में नगर परिषद सभापति कृष्ण कुमार गोयल, संस्थान अध्यक्ष दिनेश चंद्र, महामंत्री रमेश चंद तिवारी, नवल गुप्ता, महादेव प्रसाद, राजेंद्र वैष्णव, गोपाल सोनी, दिनेश चंद रीडर, अशोक मंगल, राकेश मंगल और वेद प्रकाश सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने माता रानी खौहरी और मां कैला देवी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कराई। इसके बाद माता को रथ पर सुशोभित किया गया और पदयात्रा डीजे की धुन पर नाचते-झूमते हुए रवाना हुई।

संस्थान के प्रवक्ता वेद प्रकाश मंगल ने बताया कि पदयात्रा सालोदा से दूध की डेयरी, कुड़गांव, चैनपुर बालाजी और ग्राम घुड़ाकर होते हुए खौहरी माता के दर्शन करेगी। इसके बाद पदयात्री प्रातः 5:00 बजे कैला देवी पहुंचकर केला मैया के दर्शन करेंगे।

पदयात्रा मार्ग में चैनपुर बालाजी पर रात्रि 8:00 बजे से सुप्रसिद्ध भजन कलाकार लखन भारती ग्रुप द्वारा भगवती जागरण आयोजित किया जाएगा। वहीं, मध्य रात्रि को गैरई मोड़ स्थित बिजली घर के पास खीर प्रसादी का वितरण होगा।

कैला माता के दर्शन के बाद सोमवार प्रातः 6:00 बजे मुख्य बड़ी धर्मशाला, कैला देवी में विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। निशुल्क पदयात्रा के साथ पूजा-अर्चना, भगवती जागरण, खीर प्रसादी वितरण और भंडारे का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है।

Tags: