सवाई माधोपुर: वजीरपुर में पंचायत राज चुनाव के लिए स्वीप अभियान आयोजित
आगामी पंचायत राज चुनाव 2026 में शत-प्रतिशत मतदान के लक्ष्य को हासिल करने के लिए हस्ताक्षर और सेल्फी अभियान के जरिए ग्रामीणों को किया जागरूक।
वजीरपुर में पंचायत चुनाव के तहत स्वीप कार्यक्रम में अधिकारियों व ग्रामीणों ने लिया मतदान का संकल्प।
सवाई माधोपुर जिले के उपखंड वजीरपुर में पंचायत राज चुनाव 2026 को लेकर मतदाताओं को जागरूक करने के लिए हस्ताक्षर एवं सेल्फी अभियान आयोजित किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशानुसार स्वीप (SVEEP) कार्यक्रम के तहत आयोजित इस अभियान में स्थानीय नागरिकों, युवाओं और महिलाओं ने भाग लेकर लोकतंत्र को मजबूत बनाने तथा आगामी पंचायत राज चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान करने का संकल्प लिया।
निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (पंचायत) एवं उपखंड अधिकारी वजीरपुर श्रीमान महिपाल सिंह के निर्देशानुसार आयोजित इस अभियान में सोहन लाल गुप्ता, उप प्रधानाचार्य एवं स्वीप प्रभारी वजीरपुर, तथा नरेश सिसोदिया ने मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने की पहल की। अभियान के दौरान युवाओं ने "मैं वोट करूंगा" के नारे के साथ सेल्फी लेकर मतदान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। वहीं, बड़ी संख्या में नागरिकों ने हस्ताक्षर कर आगामी चुनाव में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।
सोहन लाल गुप्ता, उप प्रधानाचार्य एवं स्वीप प्रभारी वजीरपुर ने बताया कि निर्भय, निष्पक्ष व नैतिक मतदान ही स्वीप कार्यक्रम का उद्देश्य है। इसी उद्देश्य से उपखंड क्षेत्र के विभिन्न गांवों में मतदाता जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं, ताकि पंचायत चुनाव में मतदाता अपने मताधिकार का जिम्मेदारी के साथ प्रयोग करें।
कार्यक्रम पावटा गद्दी और श्यारोली में मयंक गुप्ता, सेवा में पवन तथा भालपुर में हेमंत जोशी, ग्राम विकास अधिकारियों के नेतृत्व में आयोजित किया गया। इन कार्यक्रमों में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और निर्भय, निष्पक्ष एवं नैतिक मतदान का संदेश दिया।
इस दौरान ग्रामीणों ने "सारे काम छोड़ दो, सबसे पहले वोट दो", "मेरा वोट, मेरी ताकत" और "वोट डालने जाना है, अपना फर्ज निभाना है" जैसे नारों का उद्घोष किया। हस्ताक्षर अभियान, सेल्फी और नारों के माध्यम से मतदाताओं को आगामी पंचायत राज चुनाव 2026 में मतदान के लिए प्रेरित किया गया। वजीरपुर उपखंड में आयोजित यह अभियान लोकतांत्रिक प्रक्रिया में जनभागीदारी बढ़ाने और शत-प्रतिशत मतदान के संकल्प को मजबूत करने की दिशा में केंद्रित रहा।