मानसिंह गुर्जर बोले- रामरसिया दंगल संस्कृति और एकता के प्रतीक
बुचौलाई में आयोजित रामरसिया दंगल में पूर्व विधायक मानसिंह गुर्जर ने शिरकत की। इस दौरान उन्होंने आगामी स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन की अपील की।
बुचौलाई में आयोजित रामरसिया दंगल कार्यक्रम को संबोधित करते भाजपा जिला अध्यक्ष मानसिंह गुर्जर।
तलावड़ा। ग्राम बुचौलाई में आयोजित विशाल रामरसिया दंगल में पूर्व विधायक एवं भाजपा जिला अध्यक्ष मानसिंह गुर्जर ने शिरकत कर ग्रामीण लोक संस्कृति और पारंपरिक आयोजनों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि रामरसिया दंगल जैसे आयोजन ग्रामीण संस्कृति और लोक परंपराओं को जीवित रखने के साथ ही ग्रामवासियों के बीच आपसी प्रेम, भाईचारे और एकता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मानसिंह गुर्जर ने कहा कि वर्तमान में चुनाव का समय चल रहा है और जिला परिषद एवं पंचायत समिति के चुनाव भी नजदीक हैं। उन्होंने ग्रामीणों से आगामी चुनावों में भाजपा प्रत्याशियों को अपना अमूल्य वोट देकर विजयी बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े होने के नाते वे ग्रामीणों से भाजपा प्रत्याशियों को समर्थन देने का आग्रह कर रहे हैं। जनप्रतिनिधियों को मजबूत बनाने में जनता की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
कार्यक्रम में निवर्तमान प्रधान मंजू गुर्जर ने भी रामरसिया दंगल के महत्व पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन ग्रामीणों के बीच आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देते हैं। साथ ही, पारंपरिक संस्कृति और लोक कलाओं को संरक्षित रखने में भी इनका अहम योगदान है।
रामरसिया दंगल में ग्राम बुचौलाई, टटवाड़ा, रामपुर धावाई, लंगेश एवं सपोटरा क्षेत्र की चार जोटों ने प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों ने अपनी कला के माध्यम से ग्रामीण लोक संस्कृति की छटा प्रस्तुत की। कार्यक्रम में मौजूद ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक प्रस्तुतियों का आनंद लिया। आयोजन के माध्यम से क्षेत्र की पारंपरिक लोक कला और सांस्कृतिक विरासत के प्रति ग्रामीणों का जुड़ाव भी सामने आया।
कार्यक्रम का मंच संचालन भाजपा मंडल महामंत्री नर्सी गुर्जर ने किया। इस दौरान जिला अध्यक्ष मानसिंह गुर्जर, निवर्तमान प्रधान मंजू गुर्जर, सरपंच रामचरण बूचौलाई, जिला परिषद सदस्य प्रत्याशी प्रहलाद टटवाड़ा, केदार मास्टर, मनोज कुनकटा, जीतू हिरापुर, विकास सैनी, रघुनाथ फौजी और मंच संचालन नरसी गुआडी सहित अन्य लोग मौजूद रहे। विशाल रामरसिया दंगल ने ग्रामीण संस्कृति, आपसी सौहार्द और सामाजिक एकता का संदेश दिया।