वजीरपुर के विद्यालय में पंचायत चुनाव 2026 को लेकर स्वीप के तहत मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुआ।

पंचायत चुनाव 2026 में शत-प्रतिशत मतदान का लक्ष्य हासिल करने के लिए उपखंड वजीरपुर में मतदाता जागरूकता अभियान तेज किया गया है। जिला सवाई माधोपुर के उपखंड वजीरपुर में निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (पंचायत) एवं एसडीएम श्रीमान महिपाल सिंह के निर्देशानुसार स्वीप (SVEEP) कार्यक्रम के तहत राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालयों में प्रश्नोत्तरी, वाद-विवाद और आशु भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को मतदान के महत्व और जिम्मेदार नागरिक की भूमिका के प्रति जागरूक किया गया।

जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशानुसार आयोजित इन प्रतियोगिताओं में सोहन लाल गुप्ता, उप प्रधानाचार्य एवं स्वीप प्रभारी वजीरपुर तथा नरेश सिसोदिया ने मतदाताओं में जागरूकता फैलाने के लिए भागीदारी निभाई। सोहन लाल गुप्ता ने बताया कि राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में चुनाव संबंधी प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर मतदान जागरूकता का परिचय दिया।

इस अवसर पर फुलवाड़ा पेपट के प्रधानाचार्य बल्लभ राम मीणा ने विद्यार्थियों को मतदान दिवस से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मतदान के दिन विद्यार्थियों को मतदान स्थल पर भीड़ एकत्रित नहीं करनी चाहिए। केवल उन्हीं लोगों को मतदान स्थल पर जाना चाहिए, जिनका नाम मतदाता सूची में दर्ज है। उन्होंने बताया कि चुनाव के दौरान कई बार अशांति की स्थिति बन जाती है। ऐसी स्थिति में यदि किसी विद्यार्थी का नाम सामने आता है, तो उसकी पूरी शिक्षा व्यवस्था अधूरी रह जाती है।

रायपुर के उप प्रधानाचार्य धर्मपाल मीणा ने विद्यार्थियों को मतदान के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि एक वोट से सरपंच, विधायक और सांसद की जीत-हार तय हो सकती है। उन्होंने बताया कि स्वीप कार्यक्रम वर्ष 2009 में प्रारंभ हुआ था और यह तीसरा चरण है। इसका मुख्य उद्देश्य शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करना तथा मतदाताओं के बीच जागरूकता फैलाना है।

नरेश सिसोदिया ने स्वीप का अर्थ समझाते हुए बताया कि इसका पूरा नाम सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा और भागीदारी है। इस कार्यक्रम का मुख्य लक्ष्य अधिक से अधिक मतदान सुनिश्चित करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्भय, निष्पक्ष व नैतिक मतदान ही स्वीप कार्यक्रम का उद्देश्य है।

उपखंड वजीरपुर के विभिन्न विद्यालयों में भी विद्यार्थियों की भागीदारी के साथ मतदाता जागरूकता संबंधी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। रायपुर विद्यालय में भवानी शंकर जी, पीलोदा में कैलाश चंद्र गुप्ता, बगलाई में रामेश्वर प्रसाद मीणा, मेडी में हरि सिंह मीणा और श्यारोली में प्रभु लाल बेरवा के निर्देशन में कार्यक्रम हुए। वहीं, महात्मा गांधी पीलोदा विद्यालय में प्रधानाचार्य जितेंद्र गुप्ता के निर्देशन में प्रश्नोत्तरी, वाद-विवाद एवं आशु भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।

इन कार्यक्रमों के माध्यम से पंचायत चुनाव 2026 को लेकर विद्यार्थियों में मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और समाज में निर्भय, निष्पक्ष एवं नैतिक मतदान का संदेश पहुंचाने का प्रयास किया गया। विद्यालयों में आयोजित प्रतियोगिताओं ने विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया और प्रत्येक वोट के महत्व से परिचित कराने का अवसर प्रदान किया।

Tags: