गंगापुर हीरोज और प्रशासन एकादश के खिलाड़ी हायर सेकेंडरी स्कूल ग्राउंड पर समूह में खड़े नजर आ रहे हैं।

गंगापुर सिटी में आयोजित बिगेस्ट नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट-2026 के पांचवें दिन हायर सेकेंडरी स्कूल ग्राउंड पर खेले गए तीन मुकाबलों में देसी पापा, गंगापुर हीरोज और बैंकर्स-11 की टीमों ने जीत दर्ज की। भारत विकास परिषद शाखा सुभाष एवं जीपीएस स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस टूर्नामेंट में टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।

प्रांतीय संगठन सचिव आदित्य भारद्वाज एवं जीपीएस स्कूल के डायरेक्टर चेतन अग्रवाल ने बताया कि दिन का पहला मुकाबला दबंग डैड्स और देसी पापा के बीच खेला गया। दबंग डैड्स ने निर्धारित 12 ओवर में 6 विकेट खोकर 82 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी देसी पापा की टीम ने 9.5 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 88 रन बनाकर 6 विकेट से जीत हासिल की। इस मुकाबले के टॉस के बॉस भारत विकास परिषद शाखा सुभाष के संरक्षक सुनील शर्मा रहे।

दूसरे मुकाबले में गंगापुर हीरोज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 12 ओवर में 9 विकेट खोकर 129 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी प्रशासन एकादश की टीम 12 ओवर में 7 विकेट खोकर 112 रन ही बना सकी। इस तरह गंगापुर हीरोज ने 17 रन से मुकाबला जीत लिया। इस मैच के टॉस के बॉस वार्ड नंबर 57 के पार्षद विजय कुमार गुप्ता रहे।

दिन के तीसरे मुकाबले में स्कूल शिक्षा परिवार ने निर्धारित 12 ओवर में 5 विकेट खोकर 122 रन बनाए। जवाब में बैंकर्स-11 ने 10.4 ओवर में 6 विकेट खोकर 126 रन बनाते हुए 4 विकेट से जीत दर्ज की। इस मुकाबले के टॉस के बॉस मनोज हेमनानी वृंदावन ब्रेकरी रहे।

इस अवसर पर पार्षद विजय कुमार गुप्ता ने कहा कि इस तरह के टूर्नामेंट का समय-समय पर आयोजन होना चाहिए। इससे आपसी प्रेम और भाईचारे को बढ़ावा मिलता है तथा लोगों के स्वास्थ्य पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। उन्होंने कहा कि खेल प्रतियोगिताओं के माध्यम से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। टूर्नामेंट के पांचवें दिन तीन मुकाबलों के परिणामों ने प्रतियोगिता में खेल भावना और टीमों के प्रदर्शन को सामने रखा।

Tags: