दीपावली के अवसर पर स्थानीय व्यापारियों से सामान खरीदने और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने का संदेश बच्चों की चित्रकला के जरिए जन-जन तक पहुंचाने के लिए स्वदेशी जागरण मंच गंगापुर सिटी की ओर से ऑनलाइन चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। ‘लोकल फॉर वोकल’ विषय पर आधारित यह प्रतियोगिता 28 अक्टूबर से 4 नवंबर 2026 तक चलेगी। इसमें स्थानीय बच्चों को अपनी पेंटिंग के माध्यम से देश के स्थानीय व्यापारियों से ही सामान खरीदने का संदेश देना होगा।

स्वदेशी जागरण मंच गंगापुर सिटी द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता का संदेश ‘स्वदेशी अपनाओ, देश को आर्थिक समृद्ध बनाओ’ रखा गया है। प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ प्रविष्टियां भेजने वाले प्रतिभागियों को स्वदेशी जागरण मंच की ओर से आकर्षक उपहार दिए जाएंगे।

प्रतियोगिता को दो आयु वर्गों में बांटा गया है। जूनियर वर्ग में 6 वर्ष से 15 वर्ष तक के बच्चे भाग ले सकेंगे, जबकि सीनियर वर्ग में 16 वर्ष से 21 वर्ष तक के बच्चे शामिल होंगे। प्रतिभागियों को अपनी चित्रकला की दो फोटो भेजनी होंगी। साथ ही चित्रकला के साथ अपना नाम, पिता का नाम, मोबाइल नंबर और पता लिखना अनिवार्य होगा।

प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक बच्चे अपनी प्रविष्टियां व्हाट्सएप नंबर 9414451474 पर भेज सकते हैं। कमेटी द्वारा चुनी गई चित्रकलाओं की फोटो बाद में मंगवाई जाएगी। चयनित चित्रकला जमा करवाने का स्थान फोन पर बताया जाएगा।

प्रतियोगिता से संबंधित अधिक जानकारी के लिए स्वदेशी जागरण मंच गंगापुर सिटी के कार्यकर्ताओं से संपर्क किया जा सकता है। इस आयोजन की जानकारी महेश गुप्ता सर्वेयर, मुख्य संयोजक एवं प्रभारी, स्वदेशी जागरण मंच, गंगापुर सिटी, राजस्थान की ओर से दी गई है।

Tags: