सवाई माधोपुर: पंचायत चुनाव में मतदान को लेकर नुक्कड़ नाटक आयोजित
वजीरपुर उपखंड की ग्राम पंचायतों में स्वीप अभियान के तहत ग्रामीणों को निर्भय और निष्पक्ष मतदान के लिए जागरूक किया गया।
वजीरपुर उपखंड में पंचायत राज चुनाव के तहत मतदाता जागरूकता अभियान में शामिल ग्रामीण व अधिकारी।
पंचायत राज चुनाव 2026 में शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने और मतदाताओं को निर्भय, निष्पक्ष एवं नैतिक मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए सवाई माधोपुर जिले के वजीरपुर उपखंड की समस्त ग्राम पंचायतों में नुक्कड़ नाटक आयोजित किए गए। जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशानुसार आयोजित इस अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को अपने मताधिकार का प्रयोग करने और किसी भी प्रकार के प्रलोभन में आए बिना मतदान करने का संदेश दिया गया।
उपखंड वजीरपुर में यह कार्यक्रम श्रीमान महिपाल सिंह, निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (पंचायत) एवं एसडीएम, जिला सवाई माधोपुर के निर्देशानुसार आयोजित किया गया। स्वीप (SVEEP) कार्यक्रम के तहत मतदाता जागरूकता अभियान की जिम्मेदारी सोहन लाल गुप्ता, उप प्रधानाचार्य एवं स्वीप प्रभारी वजीरपुर, नरेश सिसोदिया और कमलेश मीणा ने संभाली।
सोहन लाल गुप्ता ने बताया कि पंचायत राज चुनाव 2026 के तहत वजीरपुर उपखंड की सभी ग्राम पंचायतों में मतदाताओं को जागरूक करने के लिए नुक्कड़ नाटक आयोजित किए गए। इनके माध्यम से ग्रामीणों को निर्भय, निष्पक्ष और नैतिक मतदान का महत्व समझाया गया। साथ ही, “वोट हमारा अधिकार है, लोकतंत्र की शान है” का संदेश देते हुए लोगों से किसी भी प्रलोभन में आए बिना अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की गई।
अभियान के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों, महिलाओं और युवाओं ने नुक्कड़ नाटक देखे तथा शत-प्रतिशत मतदान का संकल्प लिया। विभिन्न ग्राम पंचायतों में ग्राम विकास अधिकारियों के नेतृत्व में कार्यक्रम आयोजित किए गए। पावटा गद्दी और श्यारोली में मयंक गुप्ता, रामराज मीणा तथा सेवा में पवन के नेतृत्व में कार्यक्रम हुए। जीवली में संतरा मीणा, बागली में सिंबू दयाल यादव और रामकेश मीणा तथा उदय खुर्द में नरेंद्र कुमार सेन, ग्राम विकास अधिकारी, के नेतृत्व में नुक्कड़ नाटक आयोजित किए गए।
वजीरपुर उपखंड में चलाए गए इस मतदाता जागरूकता अभियान के माध्यम से पंचायत राज चुनाव 2026 में मतदाताओं की भागीदारी बढ़ाने, प्रलोभनमुक्त मतदान को प्रोत्साहित करने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के प्रति ग्रामीणों को जागरूक करने का संदेश दिया गया।