गंगापुर सिटी: 10 अक्टूबर को अग्र चेतना वाहन रैली, नई अनाज मंडी से होगी शुरू
अग्रसेन महोत्सव के तहत निकलने वाली रैली नई अनाज मंडी से शुरू होकर विभिन्न मुख्य मार्गों से होते हुए अग्रवाल कॉलेज पर संपन्न होगी।
तस्वीर में अग्रवाल युवा संगठन की अग्र चेतना वाहन रैली का पोस्टर दिख रहा है।
गंगापुर सिटी में अग्रसेन महोत्सव के तहत 10 अक्टूबर शनिवार को विशाल अग्र चेतना वाहन रैली निकाली जाएगी। अग्रवाल युवा संगठन मिर्जापुर एवं शीतला माता परिक्षेत्र के तत्वाधान में आयोजित यह रैली शाम 4:00 बजे नई अनाज मंडी स्थित हनुमान मंदिर परिसर से शुरू होगी।
रैली नई अनाज मंडी से उदेई मोड़, फव्वारा चौक, कचहरी रोड, व्यापार मंडल, देवी स्टोर चौराहा, खारी बाजार, चौपड़ बाजार, ट्रक यूनियन और ईदगाह मोड़ होते हुए जयपुर रोड स्थित अग्रवाल कॉलेज पहुंचेगी, जहां रैली का समापन होगा।
अग्रवाल युवा संगठन अध्यक्ष मनमोहन गुप्ता और संयोजक गौरव गुप्ता ने बताया कि अग्र चेतना रैली के मुख्य अतिथि नगर परिषद सभापति कृष्ण कुमार गोयल एवं जीपीएस स्कूल के निदेशक चेतन अग्रवाल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पार्षद विजय गोयल द्वारा की जाएगी।
रैली में भाग लेने वालों को जीपीएस स्कूल की तरफ से निशुल्क शर्ट वितरित की जाएगी। महिलाओं के लिए पार्षद विजय गोयल की तरफ से आकर्षक उपहार की व्यवस्था रहेगी।
आयोजकों ने बताया कि रैली में नगर परिषद सभापति सहित अग्रवाल समाज के नव निर्वाचित 11 पार्षद शामिल होंगे। इसके साथ ही भारी संख्या में युवा, महिलाएं और पुरुष रैली में भाग लेंगे। मुख्य मार्गों से होकर रैली अग्रवाल कॉलेज पहुंचेगी, जहां कार्यक्रम के समापन के साथ अल्पाहार की व्यवस्था रहेगी।