डीग में मतदाता जागरूकता अभियान तेज, मॉक पोलिंग बूथ से लेकर मातृ शक्ति सम्मेलन तक आयोजन
डीग में नगरीय निकाय चुनाव-2026 को लेकर स्वीप अभियान के तहत मॉक पोलिंग बूथ, रैली, रंगोली और मातृ शक्ति सम्मेलन आयोजित हुए।
तस्वीर में विद्यालय परिसर में छात्र-छात्राएं और शिक्षक मतदाता जागरूकता गतिविधि में भाग लेते दिख रहे हैं।
आगामी नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के दृष्टिगत जिलेभर में मतदाता जागरूकता अभियान के तहत विभिन्न जन-जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। विद्यालयों में मॉक पोलिंग बूथ, जन-जागरूकता रैली, आकर्षक रंगोली और मातृ शक्ति जागरूकता सम्मेलन के माध्यम से महिलाओं, युवाओं एवं भावी मतदाताओं को लोकतंत्र के महापर्व में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया गया।
स्वीप गतिविधियों के अंतर्गत राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गुदावली में विद्यार्थियों को चुनाव प्रणाली एवं मतदान प्रक्रिया से व्यावहारिक रूप से परिचित कराने के लिए मॉक पोलिंग बूथ का सजीव प्रदर्शन किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने पीठासीन अधिकारी, प्रथम व द्वितीय मतदान अधिकारी तथा मतदाताओं की भूमिका निभाई। विद्यार्थियों ने मतदाता पहचान सत्यापन, अमिट स्याही अंकन और मतदान प्रकोष्ठ में गोपनीय मतदान की पूरी प्रक्रिया को क्रमबद्ध रूप से प्रस्तुत किया।
इसी क्रम में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय आजऊ कुम्हेर में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों द्वारा मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से ग्रामीणों को मतदान दिवस पर अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
मतदाता जागरूकता में महिलाओं की शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय कुम्हेर में छात्राओं ने मनमोहक रंगोली सजाई। इसके माध्यम से मातृशक्ति को बिना किसी प्रलोभन या भय के अपने मताधिकार का प्रयोग करने का संदेश दिया गया।
इसी क्रम में उच्च माध्यमिक आदर्श विद्या मंदिर बृजनगर में सोमवार को मतदाता साक्षरता क्लब के तत्वावधान में मातृ शक्ति जागरूकता सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में उपस्थित महिलाओं एवं 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके नवमतदाताओं को "18 वर्ष की उम्र कर ली पार, सरकार बनाने में तुम भागीदार; अपना अमूल्य वोट जरूर देना, यह पहला मौका मत खोना" के प्रेरक संदेश के साथ लोकतंत्र के सशक्तिकरण में अग्रणी भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।
संस्था के प्रधानाचार्य नन्दराम शर्मा एवं ईएलसी प्रभारी संजय सिंह सैन ने मातृशक्ति को संबोधित करते हुए कहा कि एक सशक्त और जागरूक महिला पूरे परिवार व समाज को सही दिशा दे सकती है। उन्होंने कहा कि महिलाएं स्वयं मतदान करने के साथ-साथ परिवार के प्रत्येक सदस्य को बूथ तक ले जाना सुनिश्चित करें।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित मातृशक्ति व संभागियों को निष्पक्ष एवं निर्भीक मतदान की शपथ दिलाई गई। जिलेभर में आयोजित इन स्वीप गतिविधियों के माध्यम से महिलाओं, युवाओं, विद्यार्थियों और नवमतदाताओं को मतदान प्रक्रिया से जोड़ते हुए आगामी नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 में सक्रिय एवं जागरूक भागीदारी का संदेश दिया गया।