दादी प्रकाशमणि की 19वीं पुण्य स्मृति पर जनूथर में मनाया विश्व बंधुत्व दिवस
डीग के जनूथर में दादी प्रकाशमणि का 19वां पुण्य स्मृति दिवस विश्व बंधुत्व दिवस के रूप में श्रद्धा और सम्मान से मनाया गया।
तस्वीर में जनूथर सेवाकेंद्र पर दादी प्रकाशमणि के चित्र के समक्ष पुष्प अर्पित करते हुए ब्रह्माकुमारी सदस्य और अन्य लोग नजर आ रहे हैं।
प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के उप सेवाकेन्द्र जनूथर में ब्रह्माकुमारी संस्थान की पूर्व मुख्य प्रशासिका दादी प्रकाशमणि का 19वां पुण्य स्मृति दिवस विश्व बंधुत्व दिवस के रूप में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दादी प्रकाशमणि के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुआ। इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी संस्था की ओर से समाज में नैतिक मूल्यों, नशा मुक्ति और आध्यात्मिक जागरूकता के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं ब्रह्माकुमारी हीरा बहिन ने अपने उद्बोधन में कहा कि दादी प्रकाशमणि ब्रह्माकुमारी संस्था की महान आध्यात्मिक विभूतियों में से एक थीं। वे सभी को अपनेपन और मातृत्व की भावना से देखती थीं। विश्व के 140 देशों में स्थित ब्रह्माकुमारीज केंद्रों की मुखिया होने के बावजूद उनमें अहंकार का भाव नहीं था।
उन्होंने कहा कि परमात्म संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में दादी प्रकाशमणि का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उनका जीवन सिखाता है कि सच्ची महानता पद में नहीं, बल्कि विनम्रता, प्रेम, शांति और सेवा में होती है।
इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी संध्या बहन, तारेश, किशोरी, निकिता एवं ब्रह्मा कुमार ओमप्रकाश भाई, शिवम, कांति, विजय, महेश सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।