तस्वीर में जिला कलक्टर मयंक और पुलिस अधीक्षक कांबले शरण गोपीनाथ डीग के बोटेनिकल गार्डन परिसर में पौधे लगाते हुए नजर आ रहे हैं।

जिला प्रशासन एवं वन विभाग, डीग के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को ग्राम माढेंरा रूँध स्थित बोटेनिकल गार्डन में जिला स्तरीय वन महोत्सव आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला कलक्टर मयंक मनीष तथा जिला पुलिस अधीक्षक कांबले शरण गोपीनाथ ने बोटेनिकल गार्डन परिसर में पौधारोपण किया।

राज्य सरकार की ‘पंच गौरव’ योजना के अंतर्गत डीग जिले के लिए ‘एक जिला-एक वनस्पति’ के रूप में चयनित औषधीय गुणयुक्त अर्जुन के पौधों का विधिवत रोपण किया गया। इस दौरान उपस्थित ग्रामीणों, युवाओं और महिला स्वयं सहायता समूहों की सदस्यों ने भी अर्जुन सहित अन्य प्रजातियों के पौधे लगाए।

मीडिया से बातचीत में जिला कलक्टर मयंक मनीष ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण, हरियाली संवर्धन और जैव विविधता के संरक्षण के लिए वन महोत्सव महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि माढेंरा रूँध स्थित बोटेनिकल गार्डन को उत्कृष्ट एवं विकसित पर्यावरण केंद्र तथा आकर्षक भ्रमण स्थल के रूप में संवारा जाएगा, ताकि आमजन और प्रकृति प्रेमी यहां आकर शुद्ध एवं प्राकृतिक वातावरण का लाभ ले सकें।

उन्होंने बताया कि इसके लिए आवश्यक आधारभूत संरचना, वॉक-वे एवं सौंदर्यीकरण कार्यों की विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर राज्य सरकार को प्रस्ताव भिजवाया जा रहा है।

जिला कलक्टर ने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप प्रदेशभर में संचालित महत्वाकांक्षी हरियालो राजस्थान अभियान के अंतर्गत डीग जिले में बड़े पैमाने पर सघन पौधारोपण किया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों, युवाओं तथा महिला स्वयं सहायता समूहों की सदस्यों से आह्वान किया कि वे केवल पौधे लगाने तक सीमित न रहें, बल्कि उनके संरक्षण और संवर्धन की जिम्मेदारी भी निभाएं। साथ ही उन्होंने अपने घर, आंगन और खेतों की मेड़ों पर अधिक से अधिक फलदार एवं छायादार पौधे लगाने का आग्रह किया।

कार्यक्रम में जिला वन अधिकारी सुरेश मिश्रा ने वन विभाग की योजनाओं और हरियालो राजस्थान अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने सभी राजकीय विभागों एवं एजेंसियों से अपने आवंटित लक्ष्यों के अनुरूप त्वरित गति से गुणवत्तापूर्ण पौधारोपण सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

इस अवसर पर जिला स्तरीय प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, महिला स्वयं सहायता समूहों की सदस्याएं तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामवासी मौजूद रहे। सभी ने उत्साहपूर्वक अर्जुन और अन्य प्रजातियों के पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया।

Tags: