डीग श्री रामलीला महोत्सव: बाल कलाकारों ने प्रस्तुत की भगवान राम वन गमन लीला
राजस्थान के डीग में आयोजित रामलीला के सातवें दिन भगवान राम के वन गमन और केवट लीला के मंचन को देखने के लिए पांडाल में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी।
डीग में आयोजित श्री रामलीला महोत्सव के दौरान मंच पर रामलीला का मंचन करते बाल कलाकार।
डीग, 15 अक्टूबर। डीग जिले में आयोजित श्री रामलीला महोत्सव में छोटे-छोटे बाल कलाकारों की प्रस्तुतियां शहरवासियों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। रामलीला की विभिन्न लीलाओं और मनमोहक झांकियों को देखने के लिए पांडाल में हजारों की संख्या में भक्तों और श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। महोत्सव के सप्तम दिवस भगवान राम के वन गमन, केवट लीला और माता कौशल्या तथा राम के बीच संवाद का भावपूर्ण मंचन किया गया।
राम के वन गमन के दृश्य के दौरान अयोध्यापुरी में छाई शोक की लहर और माता कौशल्या के विलाप ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। वहीं, केवट लीला के दर्शन कर श्रद्धालु रोमांचित हो उठे। बाल कलाकारों की आकर्षक और मनमोहक झांकियों की भी दर्शकों ने खूब सराहना की।
मंचन में माता कौशल्या का किरदार भागचंद सैनी ने निभाया। उनके अभिनय की दर्शकों ने जमकर सराहना की। कौशल्या के पाठ को दर्शकों ने खूब सराहा और प्रस्तुति को सराहनीय बताया।
रामलीला महोत्सव के अधिष्ठाता सूर्यभान शास्त्री ने बताया कि अष्टम दिवस में राजा दशरथ के मरण और वन में भरत मिलाप की लीला का मंचन किया जाएगा। इस दौरान पंडित राजेंद्र उपाध्याय, गिर्राज शर्मा और विष्णु उपाध्याय सहित महिलाएं, बच्चे और हजारों की संख्या में भक्तगण मौजूद रहे।