डीग: जवाहर सिंह बेढ़म ने 3.46 करोड़ की 6 सड़क परियोजनाओं का किया शिलान्यास
गृह राज्य मंत्री ने बृजनगर क्षेत्र में आवागमन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के लिए मिसिंग लिंक और मेवात विकास योजना की सड़कों का शिलान्यास किया।
तस्वीर में जवाहर सिंह बेढ़म ग्रामीणों के साथ भूमि पूजन अनुष्ठान में बैठे हैं।
डीग, 3 अक्टूबर। गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने शनिवार को बृजनगर विधानसभा क्षेत्र के महमदपुर, बद्री, डाबक, बृजेन्द्रपुरा, इमलारी एवं पालका सहित विभिन्न गांवों का दौरा कर विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुविधा को मजबूत करने के उद्देश्य से 3.46 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली 6 सड़कों का भूमि पूजन कर शिलान्यास किया। इनमें पांच सड़कें मिसिंग लिंक योजना के तहत तथा एक सड़क मेवात विकास योजना के अंतर्गत स्वीकृत है।
मंत्री बेढ़म ने महमदपुर से खोह की तरफ सड़क निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया। इस सड़क के लिए 1.015 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत है तथा इसकी लंबाई 3.00 किलोमीटर है। बद्री से गुहाना सड़क निर्माण कार्य के लिए 0.49 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत है तथा सड़क की लंबाई 1.40 किलोमीटर है। सीकरी सड़क से सैनियों का मोहल्ला, पालका सड़क निर्माण कार्य के लिए 0.35 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत है तथा इसकी लंबाई 1.00 किलोमीटर है। डाबक से गोलकी सड़क निर्माण कार्य के लिए 0.455 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत है तथा सड़क की लंबाई 1.30 किलोमीटर है। झंझार मोड़ से बृजेन्द्रपुरा सड़क निर्माण कार्य के लिए 0.35 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत है तथा इसकी लंबाई 1.00 किलोमीटर है।
इसके साथ ही उन्होंने मेवात विकास योजना के अंतर्गत डामर मय सीसी निर्माण कार्य गुलपाड़ा से इमलारी की ओर सड़क का भी भूमि पूजन कर शिलान्यास किया। इस सड़क के लिए 0.80 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत है तथा इसकी लंबाई 2.00 किलोमीटर है।
श्री बेढ़म ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में अच्छी सड़कें केवल आवागमन को सुगम बनाने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनसे गांवों के विकास की गति भी बढ़ती है। सड़कों के निर्माण से ग्रामीणों को बाजार, विद्यालय, चिकित्सा सुविधाओं एवं अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने में सुविधा होगी। किसानों को अपनी उपज मंडियों एवं बाजारों तक पहुंचाने में सहूलियत मिलेगी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापारिक एवं आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दे रही है और विकास कार्यों का लाभ अंतिम छोर तक पहुंचाने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि गृह राज्य मंत्री द्वारा लगातार दूसरे दिन भी क्षेत्र में सड़क विकास कार्यों का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया गया। दो दिनों में मेवात विकास योजना के अंतर्गत कुल 3.82 करोड़ रुपये की लागत से 5 सड़कों तथा 12.30 किलोमीटर लंबी सड़क परियोजनाओं, जबकि मिसिंग लिंक योजना के अंतर्गत कुल 5.50 करोड़ रुपये की लागत से 10 सड़कों तथा 16.00 किलोमीटर लंबी सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया।
इस प्रकार दो दिनों में कुल 9.32 करोड़ रुपये की लागत से 15 सड़क कार्यों का शिलान्यास हुआ, जिनकी कुल लंबाई 28.30 किलोमीटर है। इन सड़क परियोजनाओं के पूर्ण होने से बृजनगर विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों में आपसी संपर्क और आवागमन व्यवस्था मजबूत होगी तथा ग्रामीण आबादी को शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार एवं अन्य आवश्यक सेवाओं तक बेहतर पहुंच मिल सकेगी। सड़क निर्माण से कृषि उपज के परिवहन के साथ-साथ स्थानीय व्यापार एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।