डीग जिला कलेक्ट्रेट के वीसी कक्ष में अधिकारियों के साथ बैठक करते जिला निर्वाचन अधिकारी।   

डीग, 6 अक्टूबर। पंचायत समिति सभागार डीग में मंगलवार को ब्लॉक स्तरीय मास्टर ट्रेनर (बीएलएमटी) तथा समस्त रिटर्निंग अधिकारी एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर मयंक मनीष ने शिरकत की। उन्होंने अधिकारियों को पंचायतीराज चुनाव की पूरी प्रक्रिया को गंभीरता से समझते हुए निर्धारित नियमों के अनुरूप निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित तरीके से निर्वाचन कार्य संपादित करने के निर्देश दिए।

जिला निर्वाचन अधिकारी मयंक मनीष ने कहा कि रिटर्निंग अधिकारी एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारी नामांकन प्रक्रिया को पूरी सावधानी और निर्धारित नियमों के अनुसार संपादित करें। उन्होंने राजस्थान पंचायती राज निर्वाचन नियम, 1994 का गंभीरता से अध्ययन करने तथा नामांकन से संबंधित सभी प्रावधानों को स्पष्ट रूप से समझने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि नामांकन पत्र प्राप्त करने से लेकर उनकी जांच और आगे की निर्वाचन प्रक्रिया तक प्रत्येक चरण में नियमों की पालना सुनिश्चित होना आवश्यक है, ताकि किसी स्तर पर अनावश्यक विवाद या भ्रम की स्थिति उत्पन्न नहीं हो। उन्होंने बीएलएमटी को प्रशिक्षण के दौरान सभी अधिकारियों के संदेहों का समाधान करने तथा निर्वाचन से संबंधित महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं को व्यावहारिक रूप से समझाने के निर्देश दिए।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि चुनाव कार्य में किसी भी स्तर पर शंका हो तो उसे तत्काल स्पष्ट किया जाए। बीएलएमटी एवं आरओ-एआरओ के बीच निरंतर समन्वय बना रहे तथा प्रशिक्षण के बाद भी आवश्यक जानकारी एवं निर्देशों का नियमित रूप से आदान-प्रदान होता रहे। उन्होंने संबंधित समूहों को सक्रिय रखते हुए सूचनाओं एवं आवश्यक निर्देशों को समय पर साझा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि आरओ के लिए नामांकन प्राप्त करने की व्यवस्था पूरी तरह व्यवस्थित और स्पष्ट होनी चाहिए। नामांकन स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाओं की पहले से जांच कर ली जाए तथा निर्धारित समय में नामांकन प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे अपने दायित्व को पूरी गंभीरता से निभाएं और निर्वाचन कार्यक्रम के प्रत्येक चरण की तैयारी पहले से सुनिश्चित रखें।

उन्होंने कहा कि सभी आरओ एवं एआरओ अनुभवी अधिकारी हैं और उन्हें निर्वाचन प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपादित करने की क्षमता एवं अनुभव है। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी को अपने-अपने स्तर पर संबंधित कार्मिकों तक पहुंचाएं, ताकि निर्वाचन कार्य से जुड़े प्रत्येक कार्मिक को उसकी भूमिका एवं प्रक्रिया की स्पष्ट जानकारी रहे।

इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी देवेंद्र परमार सहित समस्त आरओ, एआरओ, बीएलएमटी, प्रशिक्षकगण एवं संबंधित अधिकारी-प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण के माध्यम से पंचायतीराज चुनाव की नामांकन प्रक्रिया से लेकर निर्वाचन के विभिन्न चरणों में नियमों की पालना, समन्वय और व्यवस्थाओं को स्पष्ट रूप से सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

Tags: