तस्वीर में साफा पहने व्यक्ति और पहलवान रेतीले मैदान में समूह में खड़े हैं।

इंटरनेशनल स्कूली स्पोर्ट्स फेडरेशन द्वारा ब्राजील के रियो डी जेनेरियो में आयोजित होने वाली कुश्ती प्रतियोगिता के ट्रायल के लिए राजस्थान के डीग निवासी अखाड़ा हनुमान वाटिका के पहलवान और राष्ट्रीय पदक विजेता पालिंदर सिंह का शिक्षा विभाग राजस्थान की ओर से चयन हुआ है। उनके चयन की जानकारी सामने आने के बाद भरतपुर एवं डीग जिले के कुश्ती प्रेमियों के बीच खुशी की लहर है।

पालिंदर सिंह इससे पूर्व राजस्थान स्टेट में 7 बार गोल्ड मेडल जीत चुके हैं। उन्होंने 2 बार जसवंत किशोर, 1 बार यूपी बाल केसरी, 1 बार महाराज सूरजमल कुमार, 1 बार लोहागढ़ बसंत और 1 बार महाराजा सूरजमल किशोर का खिताब भी जीता है। इन उपलब्धियों के जरिए वह डीग-भरतपुर क्षेत्र का नाम रोशन कर चुके हैं।

पालिंदर पहलवान डीग के नामी पहलवान एवं अखाड़ा संचालक वीरा पहलवान डीग के सुपुत्र हैं। वीरा पहलवान पूर्व में कई अच्छे पहलवान तैयार कर चुके हैं, जिनमें जिला केसरी, राजस्थान केसरी और नेशनल मेडलिस्ट पहलवान शामिल हैं। वह डीग में अखाड़ा चलाते हैं।

पालिंदर पहलवान अब अपने दादा के पहलवानी में भारत देश के लिए गोल्ड मेडल जीतने के सपने को साकार करने की ओर अग्रसर हैं। ब्राजील के रियो डी जेनेरियो में आयोजित होने वाली कुश्ती प्रतियोगिता के ट्रायल के लिए उनका चयन डीग और भरतपुर क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

Tags: