डीग में यातायात नियम तोड़ने वालों पर पुलिस की सख्ती, अगस्त में 8612 चालान काटे
डीग यातायात पुलिस ने अगस्त में यातायात नियम तोड़ने वालों पर बड़ी कार्रवाई की। तेज रफ्तार और बिना हेलमेट सहित 8612 चालान काटे गए।
जिला पुलिस अधीक्षक कांबले शरण गोपीनाथ के निर्देशन में डीग यातायात पुलिस ने अगस्त माह में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 8612 चालान काटे।
जिला पुलिस अधीक्षक कांबले शरण गोपीनाथ ने जानकारी देते हुए बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित कराने के लिए डीग यातायात पुलिस ने तेज रफ्तार वाहन चलाने वाले 2258 तथा बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 5019 चालकों के खिलाफ कार्रवाई की। कुल 8612 वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।
एसपी कांबले शरण ने बताया कि यातायात शाखा डीग द्वारा महीने भर चली इस कार्रवाई के दौरान अलग-अलग श्रेणियों में यातायात नियमों की पालना नहीं करने वाले चालकों को चिन्हित कर उनके खिलाफ एमवी एक्ट (MV Act) के तहत कार्रवाई की गई।
उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन करना कानूनी मजबूरी नहीं, बल्कि आपके और आपके परिवार की सुरक्षा के लिए जरूरी है। यातायात नियमों के उल्लंघन पर की गई यह कार्रवाई सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।