डीग में कांग्रेस नेता ने राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन, छुआछूत के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग
डीग में राजीव गांधी पंचायतीराज विभाग के प्रदेश सचिव एडवोकेट अशोक कुमार शर्मा के नेतृत्व में राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया। हल्द्वानी के रामलीला मैदान से जुड़े मामले में छुआछूत और असमानता के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई।
तस्वीर में डीग में उपखंड अधिकारी
डीग में शुक्रवार, 14 अगस्त को राजीव गांधी पंचायतीराज विभाग के प्रदेश सचिव एडवोकेट अशोक कुमार शर्मा के नेतृत्व में राष्ट्रपति के नाम उपखंड अधिकारी दुर्गा प्रसाद मीणा को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में उत्तराखंड के हल्द्वानी स्थित रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के भाषण के बाद मंच का हवन कर शुद्धिकरण करने के मामले को लेकर कार्रवाई की मांग की गई।
ज्ञापन में कहा गया कि रामलीला मैदान के मंच का हवन कर शुद्धिकरण करने और छुआछूत, असमानता एवं अपमान करने वाले लोगों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग करना पूर्णतया गैरसंवैधानिक एवं निंदनीय है तथा यह छुआछूत और असमानता को बढ़ावा देने वाला है।
एडवोकेट अशोक कुमार शर्मा ने कहा कि संविधान के अनुच्छेद 14 से 18 में प्रत्येक व्यक्ति को संविधान द्वारा समानता का अधिकार दिया गया है। उन्होंने कहा कि संविधान के अनुच्छेद 17 के तहत छुआछूत करना कानूनन अपराध है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों द्वारा इस तरह का गलत और अवैधानिक कृत्य किया गया है, उसकी सभी कड़े शब्दों में निंदा करते हैं।
इस अवसर पर एडवोकेट खालिद खान, हेमेंद्र सिंह गुर्जर, रामफल सेनी, मयंक कटारा और श्रीचंद मौजूद रहे।