डीग में 15 अगस्त शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। जिला प्रशासन, डीग के तत्वावधान में आयोजित जिला स्तरीय समारोह किशनलाल जोशी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, डीग के प्रांगण में होगा। समारोह के मुख्य अतिथि राजस्थान सरकार के गृह, गौपालन, पशुपालन, डेयरी एवं मत्स्य विभाग राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म होंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रातः 9:00 बजे मुख्य अतिथि जवाहर सिंह बेढ़म द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा। इसके साथ ही पुलिस बैंड द्वारा राष्ट्रगान की धुन बजाई जाएगी। इसके बाद प्रातः 9:05 बजे परेड निरीक्षण एवं मार्च पास्ट की सलामी होगी।

कार्यक्रम में प्रातः 9:20 बजे अतिरिक्त जिला कलक्टर द्वारा महामहिम राज्यपाल महोदय के संदेश का पठन किया जाएगा। इसके बाद प्रातः 9:40 बजे वीरांगनाओं का सम्मान, 9:55 बजे सामूहिक व्यायाम प्रदर्शन और 10:15 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होगा। प्रातः 10:40 बजे प्रशस्ति पत्र वितरण किया जाएगा।

प्रातः 11:15 बजे मुख्य अतिथि गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म समारोह को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम का समापन प्रातः 11:30 बजे राष्ट्रगीत गायन एवं पुलिस बैंड के साथ राष्ट्रगान द्वारा होगा।

जिला प्रशासन ने सभी आमंत्रित अतिथियों एवं गणमान्य नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे प्रातः 8:45 बजे तक अपना निर्धारित स्थान ग्रहण कर लें। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ध्वजारोहण से लेकर राष्ट्रगान तक स्वतंत्रता दिवस समारोह की सभी गतिविधियां तय समय पर आयोजित की जाएंगी।

Tags: