तस्वीर में कामां में तिरंगा यात्रा के दौरान विधायक नौक्षम चौधरी, चेतनपुरी महाराज और अन्य गणमान्य लोग नजर आ रहे हैं।

कामां में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश देते हुए विधायक नौक्षम चौधरी के नेतृत्व में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में हजारों की संख्या में कार्यकर्ताओं, आमजन और विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साह और उमंग के साथ भाग लिया। पूरे कस्बे में तिरंगे के साथ देशभक्ति का माहौल नजर आया।

तिरंगा यात्रा का शुभारंभ आदर्श विद्या मंदिर विद्यालय से हुआ। हाथों में तिरंगा लेकर हजारों लोग यात्रा में शामिल हुए और विधायक नौक्षम चौधरी के साथ कदम से कदम मिलाकर चलते नजर आए। करीब एक किलोमीटर लंबी इस यात्रा में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं की विशेष भागीदारी रही। बच्चों में भी तिरंगा यात्रा को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया।

यात्रा आदर्श विद्या मंदिर विद्यालय से प्रारंभ होकर अंबेडकर भवन होते हुए कस्बे के प्रमुख मार्गों से गुजरी। रास्ते में जगह-जगह लोगों ने पुष्प वर्षा कर तिरंगा यात्रा का भव्य स्वागत किया। यात्रा के दौरान भारत माता की जय और देशभक्ति के नारों से पूरा कस्बा गूंज उठा।

विधायक नौक्षम चौधरी ने इस अवसर पर लोगों से राष्ट्र की एकता, अखंडता और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश के गौरव, सम्मान और एकता का प्रतीक है तथा प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रहित में अपना योगदान देना चाहिए।

तिरंगा यात्रा का समापन गांधी पार्क में हुआ। यहां राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर विधायक नौक्षम चौधरी सहित उपस्थित लोगों ने माल्यार्पण किया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, विद्यार्थी और आमजन मौजूद रहे।

तिरंगा यात्रा में पूर्व मंत्री मदन मोहन सिंगल, भाजपा जिला अध्यक्ष सतीश बंसल, चेतनपुरी महाराज, निहाल मीणा सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। यात्रा के दौरान उमड़ी भागीदारी ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कामां में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता के संदेश को प्रमुखता से सामने रखा।

Tags: