डीग में श्री बृज लठावन धाम स्थानीय रामलीला महोत्सव समिति द्वारा आयोजित श्रीकृष्ण लीला में माखन चोरी का मंचन करते कलाकार।

डीग, 26 अक्टूबर। श्री बृज लठावन धाम स्थानीय रामलीला महोत्सव समिति डीग के तत्वावधान में आयोजित श्री कृष्ण लीला एवं भक्त चरित्रामृत लीला महोत्सव में सोमवार को माखन चोरी लीला का मंचन किया गया। भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं के चित्रण ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।

लीला के मंचन में दिखाया गया कि भगवान श्रीकृष्ण किस प्रकार घरों से माखन चुराकर खाते थे और अपनी नटखट अदाओं से गोपियों को परेशान करते थे। अपने ग्वाल-बाल सखाओं के साथ माखन खाने की बाल सुलभ लीलाओं का भी चित्रण किया गया, जिसने दर्शकों का मन मोह लिया।

मंचन के दौरान श्रीकृष्ण की मनमोहक झांकियों और कलाकारों की प्रस्तुति को देखकर दर्शकों ने तालियां बजाईं। माखन चोरी लीला देखने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। आयोजन स्थल पर पूरे समय भक्ति और उल्लास का माहौल बना रहा।

श्री कृष्ण लीला एवं भक्त चरित्रामृत लीला महोत्सव के माध्यम से ब्रज संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का संगम देखने को मिल रहा है। यह कृष्ण लीला महोत्सव श्रद्धालुओं के लिए आस्था और भक्ति का केंद्र बना हुआ है।

Tags: